बिजनेस

Share Market Today : Sensex 700, Nifty 200 अंक लुढ़का; क्रूड सस्ता, रुपया मजबूत फिर क्यों टूटा बाजार?

शेयर बाजार में आज कमजोरी का रुख है। बेंचमार्क इंडेक्स Sensex जहां शुरुआती कारोबार में 700 अंक लुढ़क गया है। वहीं, Nifty में 200 अंक की गिरावट आई है। सस्ते क्रूड और मजबूत रुपये के बाद भी बाजार क्यों लुढ़का?

Image

शेयर बाजार में गिरावट (Image Source: iStock)

Share Market Today: शेयर बाजार में गुरुवार को निवेशकों को बड़ा झटका लगा। हैरानी की बात यह रही कि बाजार में यह गिरावट ऐसे समय आई जब ग्लोबल संकेतों में कुछ राहत दिख रही थी। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई, रुपया डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ और अमेरिकी बाजारों में तेजी देखने को मिली, इसके बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में फिसल गए। बाजार की गिरावट की सबसे बड़ी वजह IT शेयरों में भारी बिकवाली, ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली और निवेशकों की सतर्कता रही।

खुलते ही बिकवाली हावी

गुरुवार सुबह बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। BSE सेंसेक्स 713.75 अंक यानी 0.92% गिरकर 76,696.23 के स्तर पर आ गया। वहीं NSE निफ्टी 200 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 23,939.80 पर कारोबार करता नजर आया। सेंसेक्स ने दिन के शुरुआती कारोबार में 76,605.24 का निचला स्तर भी छुआ। ब्रॉडर मार्केट में भी दबाव दिखा। निफ्टी 100, निफ्टी 200 और निफ्टी 500 जैसे बड़े इंडेक्स लाल निशान में रहे। हालांकि स्मॉलकैप शेयरों में गिरावट सीमित रही, जिससे संकेत मिला कि दबाव मुख्य रूप से चुनिंदा बड़े शेयरों में ज्यादा था।

क्रूड सस्ता और रुपया मजबूत, फिर भी क्यों गिरा बाजार?

आमतौर पर भारत जैसे तेल आयात करने वाले देश के लिए कच्चे तेल में गिरावट और रुपये की मजबूती शेयर बाजार के लिए अच्छी खबर मानी जाती है। लेकिन इस बार निवेशकों ने इन पॉजिटिव संकेतों को नजरअंदाज कर दिया। ब्रेंट क्रूड करीब 0.89% गिरकर 79.14 डॉलर प्रति बैरल के पास आ गया। वहीं डॉलर के मुकाबले रुपया भी मजबूत हुआ और USD/INR 0.33% की गिरावट के साथ 94.2275 के स्तर पर पहुंच गया। इसके बावजूद बाजार इसलिए टूटा क्योंकि निवेशकों का फोकस कंपनियों की कमाई, वैल्यूएशन और सेक्टर स्पेसिफिक कमजोरी पर रहा।

IT सेक्टर बना सबसे बड़ा विलेन

आज की गिरावट में सबसे बड़ा दबाव IT शेयरों से आया। निफ्टी IT इंडेक्स में 6% से ज्यादा की भारी गिरावट देखने को मिली। IT शेयरों में तेज बिकवाली ने पूरे बाजार का सेंटीमेंट कमजोर कर दिया। ग्लोबल टेक खर्च को लेकर चिंता, कंपनियों की ग्रोथ आउटलुक और ऊंचे वैल्यूएशन पर निवेशकों ने मुनाफावसूली की। IT सेक्टर का इंडेक्स में बड़ा वजन होने की वजह से इसका असर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों पर दिखा।

डर का मीटर भी बढ़ा

बाजार में उतार-चढ़ाव बताने वाला इंडिया VIX करीब 5% बढ़कर 13.31 के स्तर पर पहुंच गया। VIX में तेजी बताती है कि निवेशक आने वाले दिनों में ज्यादा उतार-चढ़ाव की आशंका देख रहे हैं।

कहां दिखी खरीदारी?

पूरे बाजार में गिरावट के बीच कुछ सेक्टर मजबूती दिखाते नजर आए। फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी फार्मा करीब 0.48% और हेल्थकेयर इंडेक्स हरे निशान में रहा।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article