बिजनेस

Share Market Today: यूएस के साथ ट्रेड डील की डिटेल्स से बाजार खुश, सुबह-सुबह हो गया ₹8.25 लाख करोड़ का फायदा

घरेलू शेयर बाजार ने हफ्ते की शुरुआत जोरदार तेजी के साथ की। अमेरिका के साथ संभावित ट्रेड डील की डिटेल्स सामने आने के बाद निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ और बाजार खुलते ही खरीदारी का माहौल बन गया। इसी सेंटीमेंट के दम पर सेंसेक्स-निफ्टी बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।

Image

बाजार में लौटी तेजी

Share Market Today : सुबह के कारोबार में BSE Sensex करीब 600 अंकों की बढ़त के साथ खुला और तेजी बनाए रखी। 9:25 बजे के आसपास सेंसेक्स 408 अंकों की मजबूती के साथ 83,988 के स्तर पर ट्रेड करता दिखा। कारोबार के दौरान इंडेक्स ने 84,314 का इंट्रा डे हाई भी छुआ, जो निवेशकों की मजबूत खरीदारी का संकेत देता है। वहीं NSE Nifty 50 भी मजबूती के साथ 25,888 के स्तर पर खुला और तेजी बनाए रखते हुए 25,922 के इंट्रा डे हाई तक पहुंच गया। 9:25 बजे निफ्टी करीब 126 अंकों की तेजी के साथ 25,820 के आसपास कारोबार करता दिखा, जिससे साफ है कि बाजार में शुरुआती घंटों में मजबूत पॉजिटिव ट्रेंड बना रहा। पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को जब बाजार बंद हुआ, तो लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप ₹457.25 लाख करोड़ था, जो अब बढ़कर ₹465.50 लाख करोड़ हो गया है। इस तरह बाजार खुलते ही बाजार पूंजीकरण में करीब ₹8.25 लाख करोड़ की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो बाजार में आई व्यापक खरीदारी को दर्शाता है।

ट्रेड डील उम्मीदों से सुधरा सेंटीमेंट

बाजार की इस तेजी के पीछे मुख्य वजह अमेरिका के साथ संभावित ट्रेड डील से जुड़ी पॉजिटिव खबरें रहीं। निवेशकों को उम्मीद है कि इससे भारत के एक्सपोर्ट सेक्टर, मैन्युफैक्चरिंग और कॉर्पोरेट कमाई को आगे चलकर फायदा मिल सकता है। यही वजह रही कि शुरुआती सत्र में बैंकिंग, मेटल और चुनिंदा लार्जकैप शेयरों में खरीदारी दिखी।

ब्रॉड मार्केट में भी मजबूती

तेजी सिर्फ लार्जकैप तक सीमित नहीं रही। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी हरे निशान में कारोबार करते दिखे। ब्रॉड मार्केट इंडेक्स में भी बढ़त दर्ज की गई, जिससे संकेत मिलता है कि बाजार की चाल व्यापक रूप से मजबूत बनी हुई है। बाजार में खरीदारी व्यापक हो रही और बैंकिंग, मिडकैप व स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली, जिससे संकेत मिला कि निवेशकों का भरोसा फिलहाल मजबूत बना हुआ है।

NSE Market Breadth 9 Feb

NSE Market Breadth 9 Feb

मार्केट ब्रेड्थ भी मजबूती का संकेत दे रही है, जहां कुल 2,702 शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2,132 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए जबकि सिर्फ 503 शेयरों में गिरावट रही और 67 शेयर बिना बदलाव के रहे। इसके साथ ही 38 शेयर अपने 52 हफ्ते के उच्च स्तर पर पहुंचे, जबकि 24 शेयर साल के निचले स्तर पर रहे। अपर सर्किट में 44 और लोअर सर्किट में 16 शेयर रहे, जो व्यापक खरीदारी को दर्शाता है। इस तेजी के बीच बाजार का कुल मार्केट कैप भी बढ़कर करीब ₹465.50 लाख करोड़ यानी लगभग 5.15 ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर पहुंच गया, जो निवेशकों की मजबूत भागीदारी को दिखाता है।

सेक्टोरल इंडेक्स का सपोर्ट

सेक्टोरल फ्रंट पर PSU बैंक, मीडिया, रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। हालांकि FMCG सेक्टर में हल्की कमजोरी नजर आई, लेकिन बाकी प्रमुख सेक्टर्स की मजबूती ने बाजार को सपोर्ट दिया।

आगे क्या देख रहे निवेशक

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि ग्लोबल संकेत पॉजिटिव बने रहते हैं और ट्रेड डील से जुड़े अपडेट आते रहते हैं, तो बाजार की तेजी जारी रह सकती है। हालांकि ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता, ऐसे में निवेशक फिलहाल सतर्क लेकिन सकारात्मक नजरिए के साथ बाजार को देख रहे हैं।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article