बिजनेस

Share Market : बैंकिंग, IT और मेटल शेयरों में बिकवाली, Sensex-Nifty की रफ्तार पर लगा ब्रेक

शेयर बाजार में आज जहां बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी की रफ्तार थमी हुई नजर आ रही है। वहीं, ब्रॉड मार्केट में खरीदारी का मजबूत ट्रेंड बना हुआ है। खासतौर पर फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर में मजबूत डिमांड है।

Image

शेयर बाजार में मजबूती

Share Market Today : आज के शुरुआती कारोबार में भारतीय शेयर बाजार सपाट लेकिन पॉजिटिव रुख के साथ कारोबार करता दिखा। कारोबार के दौरान निवेशकों का फोकस पश्चिम एशिया के हालात, कच्चे तेल की कीमतों और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों पर बना हुआ है। शेयर बाजार में जहां ज्यादातर शेयरों में मजबूती बनी हुई है। वहीं, बेंचमार्क इंडेक्स Sensex 75 अंक तेजी के साथ 77,169.08 अंक पर कारोबार कर रहा है। वहीं, Nifty 30 अंक तेजी के साथ 24,133 अंक पर कारोबार कर रहा है।

मार्केट ब्रेड्थ मजबूत

बाजार में चौतरफा खरीदारी का माहौल है। NSE पर कारोबार करने वाले 2,892 शेयरों में से 1,625 शेयर बढ़त में हैं, जबकि 1,186 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह BSE पर ट्रेड कर रहे कुल 3,526 स्टॉक्स में से 1,946 में तेजी और 1,389 में बिकवाली हावी है।

फार्मा और हेल्थकेयर में डिमांड

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में सबसे ज्यादा मजबूती देखने को मिली। निफ्टी फार्मा इंडेक्स करीब 1.8 फीसदी और हेल्थकेयर इंडेक्स 1.5 फीसदी से अधिक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। इसके अलावा रियल्टी, मीडिया, ऑयल एंड गैस और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी का माहौल रहा। दूसरी ओर आईटी और मेटल शेयरों में दबाव देखने को मिला। निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 1.5 फीसदी और निफ्टी मेटल इंडेक्स 1.3 फीसदी से अधिक टूट गया।

ब्रॉड मार्केट में मजबूती कायम

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों का प्रदर्शन भी मुख्य सूचकांकों से बेहतर रहा। निफ्टी स्मॉलकैप 250 इंडेक्स में 0.43 फीसदी और निफ्टी माइक्रोकैप 250 इंडेक्स में 0.41 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। इससे संकेत मिलता है कि निवेशक अभी भी उच्च जोखिम वाले शेयरों में अवसर तलाश रहे हैं।

वैश्विक संकेत मिलेजुले

वैश्विक संकेत मिश्रित रहे। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई, हांगकांग का हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया का कोस्पी दबाव में कारोबार कर रहे थे। हालांकि गिफ्ट निफ्टी हरे निशान में रहा, जिससे भारतीय बाजार को शुरुआती समर्थन मिला। अमेरिका में नैस्डैक और एसएंडपी 500 फ्यूचर्स में कमजोरी देखने को मिली, जिससे निवेशकों की सतर्कता बनी हुई है।

क्रूड से मिला सपोर्ट

कमोडिटी बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखने को मिली। ब्रेंट क्रूड 78 डॉलर प्रति बैरल से नीचे फिसलकर 77.6 डॉलर के आसपास कारोबार कर रहा था, जबकि सोने की कीमतों में भी एक फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इंडिया वीआईएक्स करीब 2 फीसदी गिरकर 12.58 पर आ गया, जो बाजार में घबराहट कम होने का संकेत देता है।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article