बिजनेस

Shadowfax सहित 5 IPO इस सप्ताह बाजार में देंगे दस्तक, 2081 करोड़ जुटाएंगी कंपनियां

Upcoming IPO: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद प्राइमरी मार्केट का जोश कम नहीं हुआ है। अगले हफ्ते IPO फ्रंट पर बड़ा एक्शन देखने को मिलेगा, क्योंकि Shadowfax के मेनबोर्ड IPO समेत 4 नए इश्यू निवेशकों के लिए खुलने जा रहे हैं, जबकि 2 IPO इसी सप्ताह बंद होंगे। कुल मिलाकर कंपनियां 2,081 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में हैं और 9 नई कंपनियां बोर्ज़ पर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध होंगी।

Upcoming IPO

इस सप्ताह खुलेंगे ये IPO (इमेज क्रेडिट, कैन्वा)

IPO This Week: इस सप्ताह खुलने वाले आईपीओ। Share Market में इस सप्ताह एक मेनबोर्ड सहित कुल 5 IPO दस्तक देने जा रहे हैं। Shadowfax जहां मेनबोर्ड कैटेगरी में IPO ला रही है। इसके अलावा SME सेगमेंट में Digilogic Systems, KRM Ayurveda और Shayona Engineering के IPO खुलने जा रहे हैं।

IPO मोमेंटम बरकरार

शेयर बाजार में हालिया उतार-चढ़ाव के बावजूद प्राइमरी मार्केट की रफ्तार धीमी नहीं पड़ रही। इस सप्ताह दलाल स्ट्रीट पर IPO एक्शन तेज रहने वाला है, क्योंकि 19 जनवरी से शुरू होने वाले हफ्ते में 4 कंपनियां अपने इश्यू लॉन्च करने जा रही हैं। इन IPOs के जरिए कुल 2,081 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी दौरान कुल 9 नई कंपनियां ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध होंगी, जिससे सेकेंडरी मार्केट के साथ-साथ प्राइमरी मार्केट में भी हलचल बढ़ सकती है।

शैडोफैक्स मेनबोर्ड में दावेदार

इस सप्ताह मेनबोर्ड में इकलौता और सबसे बड़ा IPO Shadowfax Technologies का होगा। लॉजिस्टिक्स सॉल्यूशंस देने वाली यह टेक्नोलॉजी-ड्रिवन थर्ड पार्टी लॉजिस्टिक्स कंपनी 20 जनवरी को अपना 1,907 करोड़ रुपये का IPO खोलेगी, जो 22 जनवरी को बंद होगा। इसका प्राइस बैंड 118 से 124 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इश्यू में 1,000 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू शामिल है, जबकि 907.2 करोड़ रुपये का हिस्सा ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए आएगा। Flipkart, NewQuest Asia, Qualcomm और Mirae Asset समेत 7 निवेशक इस IPO में अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं। बाजार की नजर इस इश्यू पर इसलिए भी रहेगी क्योंकि लॉजिस्टिक्स सेक्टर में टेक-इंटीग्रेशन और स्केलेबल डिलीवरी नेटवर्क को ग्रोथ का बड़ा ट्रिगर माना जाता है।

डिजिलॉजिक IPO

SME सेगमेंट में Digilogic Systems का IPO इस वीक खुल रहा है। यह कंपनी डिफेंस, एयरोस्पेस और ऑटोमोटिव इंडस्ट्री के लिए ऑटोमेटेड टेस्ट और मेजरमेंट सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है। Digilogic का IPO 20 जनवरी को खुलेगा और 22 जनवरी को बंद होगा। इसका प्राइस बैंड 98 से 104 रुपये प्रति शेयर रखा गया है और कंपनी 81 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इस इश्यू में 69.67 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू शामिल है, जबकि प्रमोटर माधुसूदन वर्मा जेट्टी 10.89 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल के जरिए बेचेंगे। SME निवेशकों के लिए यह इश्यू थीम के लिहाज से दिलचस्प हो सकता है, क्योंकि डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर में सरकार के कैपेक्स और ऑर्डर फ्लो से ग्रोथ की उम्मीद बनी रहती है।

KRM आयुर्वेद

KRM Ayurveda का IPO 21 जनवरी को खुलेगा और 23 जनवरी को बंद होगा। कंपनी अस्पतालों और क्लिनिक के नेटवर्क के जरिए अपनी सेवाएं देती है और इस IPO के जरिए 77.5 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। इश्यू में 57.4 लाख शेयर शामिल होंगे और प्राइस बैंड 128 से 135 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। हेल्थकेयर सेक्टर आमतौर पर डिफेंसिव थीम माना जाता है, लेकिन SME IPO में निवेश से पहले निवेशकों के लिए यह समझना जरूरी होगा कि कंपनी की ऑपरेशनल स्केलिंग, मार्जिन और विस्तार की रणनीति कितनी मजबूत है।

शयोना इंजीनियरिंग

Shayona Engineering SME सेगमेंट का तीसरा IPO होगा, जो 22 जनवरी को खुलेगा और 27 जनवरी को बंद होगा। इसका प्राइस बैंड 140 से 144 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। कंपनी करीब 15 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है और इश्यू में 10.32 लाख शेयर शामिल होंगे। छोटे साइज के IPOs में कई बार सब्सक्रिप्शन तेजी से बढ़ता है, क्योंकि कम शेयरों के मुकाबले निवेशकों की डिमांड ज्यादा हो जाती है। हालांकि, ऐसे इश्यू में लिस्टिंग के बाद लिक्विडिटी और प्राइस मूवमेंट ज्यादा वॉलैटाइल रह सकता है।

ये IPO हो रहे बंद

नए IPOs के अलावा दो ऐसे इश्यू भी हैं जो अगले हफ्ते बंद हो जाएंगे। टेक्निकल टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरर Aritas Vinyl का 38 करोड़ रुपये का IPO 20 जनवरी को बंद होगा। यह इश्यू 16 जनवरी को खुला था और इसका प्राइस बैंड 40 से 47 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। अभी तक इस IPO को करीब 44 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला है। वहीं सिक्योरिटी सर्विसेज प्रोवाइडर Armour Security India का IPO 19 जनवरी तक खुला रहेगा। यह इश्यू 14 जनवरी को खुला था और अब तक लगभग 52 प्रतिशत सब्सक्राइब हुआ है।

डिस्क्लेमर: TimesNow Hindi किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

यतींद्र लवानिया
यतींद्र लवानिया author

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों... और देखें

End of Article