देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक State Bank of India (SBI) ने मार्च तिमाही में मजबूत नतीजे पेश किए हैं। बैंक का standalone net profit बढ़कर 19,683.75 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसके साथ ही SBI ने निवेशकों के लिए ₹17.35 प्रति शेयर डिविडेंड का भी ऐलान किया। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि शानदार रिजल्ट और डिविडेंड के बावजूद शेयर बाजार में SBI का स्टॉक करीब 6% तक टूट गया। गुरुवार को SBI का शेयर 63.90 रुपये यानी 5.85% टूटकर 1,028.10 रुपये पर कारोबार करता दिखा। दिन के दौरान शेयर 1,095 रुपये के हाई से फिसलकर सीधे 1,030 रुपये के लो तक पहुंच गया।
बैंक ने कितना डिविडेंड घोषित किया?
SBI बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ₹17.35 प्रति इक्विटी शेयर यानी 1735% डिविडेंड घोषित किया है। बैंक ने बताया कि डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 16 मई 2026 तय की गई है जबकि भुगतान 4 जून 2026 को किया जाएगा। यह PSU बैंकिंग सेक्टर में इस साल के बड़े डिविडेंड ऐलानों में माना जा रहा है।
Q4 में कैसी रही बैंक की कमाई?
SBI की Net Interest Income (NII) मार्च तिमाही में मजबूत रही। बैंक की ग्रॉस NPA रेश्यो घटकर 1.49% पर आ गई, जबकि नेट NPA रेश्यो 0.39% रही। इससे साफ है कि बैंक की एसेट क्वालिटी में लगातार सुधार जारी है। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में SBI का स्टैंडअलोन प्रॉफिट बढ़कर 80,032 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, कंसोलिडेटेड आधार पर बैंक का सालाना मुनाफा 83,298.78 करोड़ रुपये रहा।
फिर क्यों टूटा SBI का शेयर?
विश्लेषकों के मुताबिक SBI के रिजल्ट अच्छे जरूर रहे, लेकिन बाजार को इससे भी ज्यादा मजबूत ग्रोथ गाइडेंस और मार्जिन एक्सपेंशन की उम्मीद थी। इसके अलावा हाल के महीनों में SBI शेयर में तेज तेजी देखने को मिली थी। ऐसे में रिजल्ट आते ही प्रॉफिट बुकिंग शुरू हो गई। बैंकिंग शेयरों में FII बिकवाली और ब्रॉडर मार्केट प्रेशर ने भी स्टॉक पर दबाव बढ़ाया।
52 वीक हाई से कितना नीचे आया शेयर?
SBI का 52-वीक हाई 1,234.70 रुपये है। मौजूदा भाव के हिसाब से शेयर अपने हाई से करीब 206 रुपये नीचे आ चुका है। यानी स्टॉक लगभग 17% करेक्ट हो चुका है। हालांकि 52-वीक लो 755.50 रुपये की तुलना में शेयर अब भी करीब 36% ऊपर बना हुआ है।
बैंक की बड़ी घोषणाएं भी चर्चा में
SBI ने रिजल्ट्स के साथ कई अहम अपडेट भी दिए। बैंक ने बताया कि उसका capital adequacy ratio 15.40% पर पहुंच गया है। वहीं बैंक का Provision Coverage Ratio (PCR) 74.36% रहा। इसके अलावा SBI ने FY26 के दौरान Yes Bank में हिस्सेदारी बेचकर 4,593 करोड़ रुपये का प्रॉफिट कमाया।
शेयर का पूरा हाल
SBI का मार्केट कैप करीब 9.50 लाख करोड़ रुपये है। शेयर का P/E ratio 11.25 है, जो कई प्राइवेट बैंक की तुलना में अब भी आकर्षक वैल्यूएशन माना जाता है। गुरुवार को शेयर 1,090 रुपये पर खुला था लेकिन रिजल्ट्स के बाद बिकवाली इतनी तेज हुई कि यह 1,030 रुपये के आसपास पहुंच गया। दिन के आखिर में शेयर 6.74% की गिरावट के साथ 1,018.40 रुपये पर बंंद हुआ।
डिस्क्लेमर: TimesNow Navbharat किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
