SBI Q1 Results FY 2026: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने 8 अगस्त को वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (Q1) के नतीजे जारी किए। इस तिमाही में बैंक ने ₹19,160 करोड़ का नेट प्रॉफिट कमाया, जो पिछले साल की जून तिमाही के ₹17,035 करोड़ के मुकाबले करीब 12.5% ज्यादा है।
आय और ब्याज से कमाई में इजाफा
तिमाही के दौरान बैंक की कुल आय सालाना आधार पर 10.31% बढ़कर ₹1,35,341.56 करोड़ हो गई, जो पिछले साल ₹1,22,687.85 करोड़ थी।
ब्याज से होने वाली कमाई (Interest Income) भी बढ़कर ₹1,17,996 करोड़ रही, जबकि पिछले साल यह ₹1,11,526 करोड़ थी — यानी लगभग 6% की बढ़त।
ब्याज चुकाने का खर्च भी बढ़ा
जहां कमाई बढ़ी, वहीं ब्याज के रूप में भुगतान भी बढ़ा। इस बार बैंक को ₹76,923 करोड़ चुकाने पड़े, जो पिछले साल के ₹70,401 करोड़ से 9% ज्यादा है।
शेयर पर असर
नतीजे आने के वक्त SBI का शेयर NSE पर ₹793 तक गिर गया। बाद में थोड़ा संभला, लेकिन दोपहर 1:40 बजे तक यह 0.8% गिरकर ₹800.45 पर कारोबार कर रहा था।
ऑपरेटिंग प्रॉफिट और NII
बैंक का ऑपरेटिंग प्रॉफिट 15.49% बढ़कर ₹30,544 करोड़ हो गया, जो मजबूत ऑपरेशनल परफॉर्मेंस को दिखाता है। हालांकि, नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) में 0.13% की मामूली गिरावट आई और यह ₹41,072 करोड़ पर आ गई।
पहली तिमाही में SBI का नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) बैंक स्तर पर 2.90% और घरेलू स्तर पर 3.02% रहा। घरेलू NIM में पिछले साल की तुलना में 33 बेसिस पॉइंट की कमी आई, जिससे बैंक के मार्जिन पर हल्का दबाव नजर आया।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
