अगर आप हर महीने थोड़ी-थोड़ी रकम जमा कर एक तय समय के बाद बड़ा फंड तैयार करना चाहते हैं तो SBI की Har Ghar Lakhpati Scheme आपके लिए काम की साबित हो सकती है। यह योजना State Bank of India की एक खास Recurring Deposit स्कीम है। इसमें ग्राहक हर महीने एक तय रकम जमा करते हैं और मैच्योरिटी पर 1 लाख रुपये हासिल कर सकते हैं।
छोटी बचत से बनेगा बड़ा फंड
इस स्कीम की खास बात यह है कि इसमें किसी बड़ी रकम को एक साथ निवेश करने की जरूरत नहीं होती। हर महीने नियमित तौर पर किस्त जमा कर धीरे-धीरे लक्ष्य तैयार किया जाता है। यही वजह है कि यह योजना उन लोगों के लिए भी आकर्षक हो सकती है, जो अपनी नियमित आय में से थोड़ी रकम बचाकर भविष्य के लिए एक निश्चित रकम तैयार करना चाहते हैं।
3 साल में 1 लाख के लिए कितना जमा करना होगा?
अगर कोई सीनियर सिटिजन SBI की Har Ghar Lakhpati Scheme में 3 साल के लिए निवेश करता है और उसका लक्ष्य मैच्योरिटी पर 1 लाख रुपये पाना है तो उसे हर महीने करीब 2,500 रुपये की किस्त जमा करनी होगी। यानी सीनियर सिटिजन को हर दिन लगभग 83 रुपये की बचत करनी होगी।
सामान्य ग्राहकों के लिए इसी 3 साल की अवधि पर निर्धारित मासिक किस्त 2,510 रुपये है। इस तरह नियमित बचत के जरिए 3 साल की अवधि पूरी होने पर 1 लाख रुपये का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
Senior Citizen को कितना ब्याज मिलता है?
SBI की वेबसाइट पर उपलब्ध Har Ghar Lakhpati के ब्याज दर चार्ट के अनुसार 3 साल की अवधि के लिए सभी ग्राहकों को अलग-अलग ब्याज दर ऑफर की जा रही है। जहां 3 साल के निवेश पर सामान्य नागरिकों को सालाना 6.55 प्रतिशत की दर से ब्याज दिया जा रहा है वहीं, सीनियर सिटिजन के लिए यही ब्याज दर 7.05 प्रतिशत रखी गई है। लेकिन अगर आप एसबीआई के स्टाफ हैं तो आपको इसी अवधि के लिए 7.55 प्रतिशत की दर से ब्याज दिया जाएगा और एसबीआई के सीनियर सिटिजन स्टाफ को 8.05 प्रतिशत की दर से ब्याज दिया जा रहा है।
हालांकि, निवेश करने से पहले वर्तमान लागू ब्याज दर की पुष्टि करना जरूरी है। इसके लिए बैंक की नजदीकी ब्रांच विजिट कर सकते हैं।
कितने साल के लिए कर सकते हैं निवेश?
Har Ghar Lakhpati Scheme में जमा की अवधि 3 साल से 10 साल के बीच हो सकती है। ग्राहक अपनी जरूरत के मुताबिक ऐसी अवधि चुन सकते हैं, जिसमें उनकी मासिक बचत और भविष्य का लक्ष्य दोनों फिट हों। अगर आप लंबी अवधि का निवेश चुनते हैं तो मासिक किस्त कम होती जाती है। 10 साल के निवेश पर यही मासिक किस्त सामान्य नागरिकों के लिए घट कर 610 रुपये और सीनियर सिटिजन के लिए 600 रुपये हो जाएगी।
| अवधि | सामान्य नागरिक | सीनियर सिटीजन | स्टाफ | स्टाफ सीनियर सिटीजन |
|---|---|---|---|---|
| 3 साल | ₹2,510 | ₹2,500 | ₹2,480 | ₹2,450 |
| 4 साल | ₹1,820 | ₹1,810 | ₹1,790 | ₹1,780 |
| 5 साल | ₹1,420 | ₹1,410 | ₹1,390 | ₹1,370 |
| 6 साल | ₹1,150 | ₹1,130 | ₹1,120 | ₹1,100 |
| 7 साल | ₹960 | ₹940 | ₹920 | ₹910 |
| 8 साल | ₹810 | ₹800 | ₹780 | ₹760 |
| 9 साल | ₹700 | ₹680 | ₹670 | ₹650 |
| 10 साल | ₹610 | ₹600 | ₹580 | ₹560 |
अगर किसी व्यक्ति की मासिक बचत क्षमता कम है तो वह लंबी अवधि चुनकर छोटी मासिक किस्त के जरिए लक्ष्य हासिल कर सकता है।
कौन खोल सकता है Har Ghar Lakhpati Account?
SBI के मुताबिक, सभी Resident Individuals यह RD Account Single या Joint रूप से खोल सकते हैं। नाबालिग भी पात्र हैं। 10 साल से अधिक उम्र का नाबालिग अपने नाम से अकाउंट खोल सकता है और अगर वह ठीक से हस्ताक्षर नहीं कर सकता, तो माता-पिता या कानूनी अभिभावक के साथ अकाउंट खोला जा सकता है।
