Sad Leave: कभी-कभी सुबह उठने के बाद किसी कारणवश मन उदास रहता है। ऑफिस जाने का मन नहीं करता है। फिर भी आपको ऑफिस जाना पड़ता है। ऐसे में यदि आपको ऐसा ऑफिस मिले जहां आप अपने हिस्से की 10 'उदास' छुट्टियां ले सकते हैं तो कैसा रहेगा? अक्सर देखा गया है कि मन उदास या दुखी होने पर लोगों को ऑफिस जाने का मन नहीं करता है। अब ऐसे लोगों के लिए चीन की एक कंपनी "सैड लीव" दे रही है। चीन के सुपरमार्केट चेन फैट डोंग लाई के कर्मचारी सालाना 10 दिनों तक "सैड लीव" ले सकते हैं। इस लीव के लिए प्रबंधक की मंजूरी की जरूरत भी नहीं होगी।
कंपनी के चेयरमैन ने दी खुली छूट
फैट डोंग लाई के चेयरमैन यू डोंग ने बताया- हर किसी की लाइफ में कुछ ऐसे दिन होते हैं जब वे दुखी होते हैं, यह मानव स्वभाव है। हमारी कंपनी के कर्मचारी मूड ठीक नहीं रहने की स्थिति में 10 दिन की छुट्टी ले सकते हैं। यू डोंग ने कहा कि कर्मचारियों को जब छुट्टी लेनी हो, वो ले सकेंगे। इसकी उन्हें आजादी होगी।
सप्ताह के 5 दिन काम
बता दें कि फैट डोंग लाई के कर्मचारी साल में 40 दिनों तक की छुट्टी ले सकते हैं। वहीं, कंपनी अपने कर्मचारियों को कुछ खास परिस्थितियों में 5,000 युआन (S$950) तक का मुआवजा भी देती है। फैट डोंग लाई का वर्क कल्चर चीन की उन कंपनियों से बिल्कुल अलग है जो "996" पैटर्न को फॉलो करती हैं। इसके तहत कर्मचारी सप्ताह में 6 दिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक काम करते हैं। इस कंपनी में कर्मचारी सप्ताह के 5 दिन काम करते हैं। इस 5 दिन में शिफ्ट 7 घंटे की होती है।
