अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के साथ सीजफायर खत्म करने का ऐलान किया है। दरअसल, होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन वाणिज्यिक पोतों को निशाना बनाए जाने के कुछ घंटों बाद अमेरिकी सेना ने बुधवार तड़के ईरान के खिलाफ हमले किए। इससे दोनों देशों के बीच युद्ध समाप्त करने को लेकर हुए अंतरिम समझौते पर खतरा खड़ा हो गया है। इसका असर आज दुनियाभर के शेयर बाजार से लेकर भारतीय रुपये पर हुआ है। ईरान संकट फिर गहराने से कच्चे तेल की कीमतों में आज जबरदस्त तेजी आई और अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ जिससे रुपये धड़ाम हो गया। रुपया बुधवार को 59 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.55 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
इस कारण टूटा रुपया
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी ने भी स्थानीय मुद्रा पर दबाव डाला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.15 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 94.98 से 95.61 के दायरे में रहा। अंततः यह 95.55 (अस्थायी) पर रहा जो पिछले बंद भाव से 59 पैसे की गिरावट है।
रुपया मंगलवार को 47 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.96 पर बंद हुआ था।
शेयर बाजार में बड़ी गिरावट से संकट बढ़ा
फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के कोष प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा कि रुपया, डॉलर के मुकाबले कमजोरी के साथ खुला और दिनभर इसमें उतार-चढ़ाव बना रहा। शेयर बाजारों में गिरावट और डॉलर में मजबूती के कारण गिरावट पर डॉलर की खरीदारी हुई। कुल मिलाकर आज रुपये की कमजोरी बाहरी कारकों से प्रेरित रही, जिसका मुख्य कारण कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, मजबूत अमेरिकी डॉलर और भू-राजनीतिक अनिश्चितता रही। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को रुपये के 95.25 से 96.00 के दायरे में रहने की उम्मीद है।
डॉलर इंडेक्स में मजबूती
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.11 प्रतिशत बढ़कर 101.13 पर था। घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 1,677.12 अंक यानी 2.15 प्रतिशत टूटकर 76,503.60 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 516.65 अंक यानी 2.12 प्रतिशत फिसलकर 23,882.05 अंक पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 6.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78.73 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 393.19 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
