रुपया धड़ाम! लागतार दूसरे दिन बड़ी गिरावट, जानें अब 1 Dollar की कीमत कितनी हुई
- Edited by: आलोक कुमार
- Updated Dec 2, 2025, 04:38 PM IST
Rupee vs USD: रुपया कारोबार के दौरान 47 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। रुपया मंगलवार को कारोबार के अंत में डॉलर के मुकाबले 89.95 (अस्थायी) के रिकॉर्ड निम्न स्तर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 42 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया सोमवार को 89.53 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
रुपया
Rupee vs USD: भारतीय करेंसी रुपये में आज दूसरे दिन बड़ी गिरावट रही। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया मंगलवार को 42 पैसे टूटकर अबतक के सबसे निचले स्तर 89.95 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 90 के स्तर पर पहुंच गया था। करेंसी एक्सपर्ट के मुताबिक, मुख्य रूप से ट्रेडर्स के सौदा पूरा करने के लिए लगातार बिकवाली और आयतकों की मांग बनी रहने से रुपया नीचे आया। इसके साथ विदेशी पूंजी की निकासी और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर बनी अनिश्चितता जैसे कई दबावों के कारण निवेशकों की धारणा कमजोर बनी हुई है।
90.00 के रिकॉर्ड स्तर को टच किया
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 89.70 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान 47 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.00 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। रुपया मंगलवार को कारोबार के अंत में डॉलर के मुकाबले 89.95 (अस्थायी) के रिकॉर्ड निम्न स्तर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 42 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया सोमवार को 89.53 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
91 के स्तर तक टूट सकता है रुपया
कोटक सिक्योरिटीज के जिंस एवं मुद्रा प्रमुख अनिंद्य बनर्जी ने कहा कि 90 का स्तर एक प्रमुख मनोवैज्ञानिक स्तर है। अगर रुपया इससे ऊपर जाता है, तो बाजार तेजी से 91.00 या उससे भी अधिक के उच्च प्रवृत्ति वाले चरण में स्थानांतरित हो सकता है। यही कारण है कि केंद्रीय बैंक को 90 से नीचे सक्रिय रहना चाहिए। बनर्जी ने कहा कि इस स्तर पर केंद्रीय बैंक के लिए यह आवश्यक है कि वह सट्टेबाजों को एकतरफा रुख के साथ बहुत अधिक सहज होने से रोके क्योंकि इससे अमेरिकी डॉलर-रुपये में अस्थिरता में अनावश्यक वृद्धि हो सकती है।
विदेशी निवेशक कर रहे बिकवाली
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.41 पर रहा। घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर सेंसेक्स 503.63 अंक की गिरावट के साथ 85,138.27 अंक पर जबकि निफ्टी 143.55 अंक फिसलकर 26,032.20 अंक पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 63.03 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,171.31 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।