Rupee vs Dollar: ईरान और अमेरिका में फिर तनाव बढ़ने से ब्रेंट क्रूड की कीमत 107 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई है। इसका असर आज भारतीय रुपये से लेकर शेयर बाजार पर दिखाई दे रहा है। दोनों जगह बड़ी गिरावट है। रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 20 पैसे टूटकर 95.95 प्रति डॉलर पर आ पहुंच गया है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से घरेलू मुद्रा पर और दबाव पड़ा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.89 प्रति डॉलर पर खुला। यह बाद में लुढ़कर 95.95 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 20 पैसे की गिरावट है। रुपया शुक्रवार को 24 पैसे मजबूत होकर 95.75 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
ज्यादातर एशियाई करेंसी में गिरावट
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ज्यादातर एशियाई करेंसी में गिरावट देखी गई, जबकि इस बास्केट में सिर्फ इंडोनेशियाई रुपिया में 0.07% की बढ़त हुई। जापानी येन में सबसे ज्यादा 0.36% की गिरावट आई, इसके बाद दक्षिण कोरियाई वॉन में 0.31% की कमी हुई। थाई बाहत और ताइवान डॉलर में क्रमशः 0.26% और 0.21% की गिरावट दर्ज की गई। सिंगापुर डॉलर 0.13% नीचे आया, जबकि मलेशियाई रिंगित में 0.10% की गिरावट हुई। चीनी रेनमिनबी और फिलीपीन पेसो में मामूली गिरावट रही, जो क्रमशः 0.03% और 0.02% नीचे आए।
डॉलर इंडेक्स 101 के पार निकला
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत चढ़कर 101.11 पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 730 अंक टूटकर 73,170.12 अंक पर जबकि निफ्टी 231.50 अंक फिसलकर 22,908.95 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का वायदा भाव 2.31 प्रतिशत चढ़कर 106.81 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 3,693.93 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
