बिजनेस

US Dollar के मुकाबले रुपये में तेजी जारी, लगातार दूसरे दिन आज इतना चढ़ा

बुधवार को रुपया 73 पैसे की तेज़ी के साथ 88.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था, जो लगभग चार महीनों में इसकी सबसे बड़ी दिन के कारोबार में आई तेजी थी। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के संभावित हस्तक्षेप और घरेलू शेयर बाजारों में मजबूत रुख ने निवेशकों को और उत्साहित किया।

Image

US Dollar के मुकाबले रुपये में तेजी

US Dollar के मुकाबले रुपये में तेजी जारी है। गुरुवार को लगातार दूसरे दिन रुपया डॉलर के मुकाबले 21 पैसे बढ़कर 87.87 (अस्थायी) पर बंद हुआ। प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा के कमजोर होने और निवेशकों में जोखिम की भावना के फिर से उभरने से यह तेजी आई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के संभावित हस्तक्षेप और घरेलू शेयर बाजारों में मजबूत रुख ने निवेशकों को और उत्साहित किया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया डॉलर के मुकाबले 88 के स्तर से नीचे 87.76 पर खुला और कारोबार के दौरान 87.68 प्रति डॉलर के उच्चतम स्तर को छू गया। घरेलू मुद्रा अंततः डॉलर के मुकाबले 87.87 (अस्थायी) पर बंद हुई, जो पिछले बंद भाव से 21 पैसे की वृद्धि है।

बुधवार को रुपया 73 पैसे उछला था

बुधवार को रुपया 73 पैसे की तेज़ी के साथ 88.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था, जो लगभग चार महीनों में इसकी सबसे बड़ी दिन के कारोबार में आई तेजी थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज़ के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में नरमी और जोखिम-आधारित धारणा की ओर व्यापक बदलाव से रुपये में लगातार दूसरे दिन बढ़त दर्ज की गई। विदेशी पूंजी प्रवाह और केंद्रीय बैंकों के रणनीतिक हस्तक्षेप ने मुद्रा की हालिया बढ़त को महत्वपूर्ण गति प्रदान की।’’ परमार ने आगे कहा कि आगामी छुट्टियों से पहले, रुपया एक सीमित दायरे में ही स्थिर रहने की स्थिति में है। हालांकि, इसकी आगे की दिशा पूरी तरह से डॉलर के प्रवाह की गतिशीलता और वैश्विक भू-राजनीतिक परिदृश्य में किसी भी बड़े बदलाव पर निर्भर करती है। निकट भविष्य में, हाजिर डॉलर-रुपया 87.60 पर समर्थन और 88.70 पर प्रतिरोध प्रदर्शित करता है।

डॉलर इंडेक्स 0.21 प्रतिशत की गिरावट

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.58 पर कारोबार कर रहा था। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.36 प्रतिशत बढ़कर 62.12 डॉलर प्रति बैरल पर था। घरेलू शेयर बाजार में, सेंसेक्स 862.23 अंक चढ़कर 83,467.66 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 261.75 अंक बढ़कर 25,585.30 अंक पर पहुंच गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 68.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article