बिजनेस

रोबोटिक्स कंपनी के IPO ने मचाया तहलका, लिस्टिंग के पहले दिन ही 629% उछला शेयर

शेयर बाजार IPO को लेकर निवेशकों में जो उत्साह रहता है, उसके पीछे कुछ ऐसे शेयर होते हैं, जो एक दिन में ही निवेशकों को मालामाल कर देते हैं। ऐसा ही कमाल एक रोबोटिक्स कंपनी के IPO ने किया है।

Image

यूनीट्री आईपीओ ने मचाया धमाल

चीन की आदमकद रोबोट (Humanoid Robot) बनाने वाली कंपनी यूनीट्री रोबोटिक्स (Unitree Robotics) ने शंघाई स्टॉक्स एक्सजेंच (Shanghai Stock Exchange) पर ऐसा धमाकेदार आगाज किया है कि दुनियाभर में इसकी धमक है। शंघाई स्टॉक्स एक्सचेंज के STAR Market पर कंपनी के शेयर 150.8 युआन के IPO प्राइस के मुकाबले करीब 629% उछलकर 1,100 युआन पर लिस्ट हुए। यूनीट्री ने IPO के जरिये करीब 6.1 अरब युआन यानी करीब 90.4 मिलियन डॉलर (8500 करोड़ रुपये) जुटाए हैं।

चीन के हांगझोऊ (Hangzhou) की इस कंपनी का आधिकारिक नाम युशू टेक्नोलॉजी (Yushu Technology) है। इस IPO को मील का पत्थर माना जा रहा है, क्योंकि यूनीट्री चीन में ह्यूमनॉइड रोबोटिक्स सेक्टर लिस्ट होने वाली पहली कंपनी है। इसके IPO में करीब 40.4 मिलियन नए शेयर जारी किए।

IPO को मिली जबरदस्त डिमांड

यूनीट्री के IPO में निवेशकों की दिलचस्पी पहले ही साफ हो गई थी। रिटेल निवेशकों ने IPO को कई हजार गुना ओवर सब्सक्राइब किया था। कंपनी के शेयरों के लिए करीब 98 लाख आवेदन आए। इतनी भारी मांग ऐसे समय में आई है जब चीन ह्यूमनॉइड रोबोट्स और Embodied AI को रणनीतिक टेक्नोलॉजी के तौर पर बढ़ावा दे रहा है। AI की दौड़ अब केवल बड़े लैंग्वेज मॉडल तक सीमित नहीं है। निवेशकों का फोकस ऐसे AI सिस्टम पर बढ़ रहा है, जो वास्तविक दुनिया में रोबोट के जरिए काम कर सकें।

कंपनी के कारोबार में भी तेज ग्रोथ

यूनीट्री के प्रॉस्पेक्टस के मुताबिक कंपनी का रेवेन्यू 2024 के करीब 393 मिलियन युआन से बढ़कर 2025 में करीब 1.7 अरब युआन पहुंच गया। इसी दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट करीब 278 मिलियन युआन रहा और ग्रॉस मार्जिन 60% से ऊपर है। कंपनी ने 2025 में 5,500 से ज्यादा ह्यूमनॉइड रोबोट्स की डिलीवरी की है। Unitree के ह्यूमनॉइड्स के साथ ही क्वाड्रपेड रोबोट (Quadruped Robots) यानी चार पैरों वाले रोबोट डॉग भी बनाती है।

शेयर इतना क्यों उछला?

यूनीट्री की लिस्टिंग के पीछे सिर्फ रोबोटिक्स का उत्साह नहीं है। चीन में नए शेयरों की कीमत तय करने को लेकर रेग्युलेटर अपेक्षाकृत सतर्क रहते हैं। इससे कई बार IPO प्राइस बाजार की शुरुआती मांग की तुलना में काफी कम रह जाता है। ऐसे में लिस्टिंग डे पर बड़ा जंप देखने को मिल सकता है।

हालांकि 1,100 युआन की लिस्टिंग कंपनी के IPO प्राइस से करीब 7 गुना ज्यादा है। यानी निवेशकों को यूनीट्री से भविष्य में बहुत तेज ग्रोथ की उम्मीद है।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article