बिजनेस

रिटेल के बाद थोक मुद्रास्फीति भी हुई कम, 21 महीने के निचले स्तर पर पहुंची दर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 14, 2022, 01:57 PM IST

Inflation: सरकार की ओर से पिछले महीने यानी नवंबर 2022 के महंगाई के आंकड़े जारी हो गए हैं। महंगाई के मोर्चे पर जनता के लिए राहत भरी खबर है।

Image

रिटेल के बाद थोक मुद्रास्फीति भी हुई कम, 21 महीने के निचले स्तर पर पहुंची दर

Photo : iStock

नई दिल्ली। महंगाई (Inflation) के मोर्चे पर अच्छी खबर सामने आई है। सरकारी आंकड़ों से पता चला है कि खुदरा महंगाई दर के बाद पिछले महीने यानी नवंबर 2022 में थोक कीमतों पर आधारित मुद्रास्फीति भी कम हुई है। मैन्युफैक्चर्ड प्रोडक्ट्स, फ्यूल और खाने के सामान की कीमतों में नरमी आने की वजह से होलसेल इन्फ्लेशन (WPI inflation) में नरमी दर्ज की गई। मालूम हो कि नवंबर के महीने में थोक कीमतों पर आधारित मुद्रास्फीति कम होकर 21 महीने के निचले स्तर पर आ गई है।

इतनी हुई महंगाई दर

थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) पर आधारित मुद्रास्फीति 5.85 प्रतिशत पर आ गई। नवंबर 2021 में डब्ल्यूपीआई 14.87 फीसदी थी।

डब्ल्यूपीआई पर आधारित मुद्रास्फीति 19 महीने तक दहाई अंकों में रहने के बाद अक्टूबर में घटकर 8.39 फीसदी हो गई थी।

इतनी रही खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बुधवार को कहा, ‘‘नवंबर 2022 में मुद्रास्फीति की दर में कमी आने की मुख्य वजह खाद्य पदार्थों, मूल धातुओं, कपड़ा, रसायन एवं रासायनिक उत्पाद, कागज एवं इससे बने उत्पादों के दामों में गिरावट आना है।’’ नवंबर 2022 से पहले मुद्रास्फीति का निचला स्तर फरवरी 2021 में रहा था जब डब्ल्यूपीआई मुद्रास्फीति 4.83 फीसदी पर थी। नवंबर में खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति 1.07 प्रतिशत रही, जो इससे पिछले महीने 8.33 प्रतिशत थी।

समीक्षाधीन महीने में सब्जियों के दाम घटकर शून्य से नीचे 20.08 फीसदी पर आ गए, जो अक्टूबर में 17.61 फीसदी पर थे। ईंधन और बिजली में महंगाई दर नवंबर में 17.35 फीसदी रही, विनिर्मित उत्पादों की मुद्रास्फीति 3.59 प्रतिशत पर थी। भारतीय रिजर्व बैंक मौद्रिक नीति बनाने में मुख्य रूप से खुदरा मुद्रास्फीति पर गौर करता है। हाल में जारी आंकड़े बताते हैं कि खुदरा मुद्रास्फीति 11 महीनों में पहली बार, नवंबर 2022 में रिजर्व बैंक के छह फीसदी के संतोषजनक स्तर से नीचे रही है।

(एजेंसी इनपुट्स के साथ)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article