NBCC Timeline to Finish Supertech projects : सुपरटेक के 16 प्रोजेक्ट्स के साथ ही करीब 14000 लोगों के घर का सपना भी अटका हुआ है। लेकिन, अब NBCC ने इस सपने को पूरा करने के लिए इन प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू करने की टाइमलाइन बता दी है। TOI की रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में NCLAT की तरफ से NBCC को काम पूरा करने के लिए कहा गया है। NBCC इन अटके हुए प्रोजेक्ट्स का कंस्ट्रक्शन फिर से शुरू करने से पहले टेंडर प्रक्रिया शुरू करने जा रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक 16 जनवरी, 2027 से जमीन पर कंस्ट्रक्शन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पहले इन प्रोजेक्ट्स के कंस्ट्रक्शन के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। टेंडर प्रॉसेस को 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 के बीच कई चरणों में पूरा करने की योजना है। River Crest, Rudrapur के लिए एक टेंडर 16 सितंबर को पहले ही जारी किया जा चुका है।
कुल कितने टेंडर होंगे?
NBCC को इन प्रोजेक्ट्स को पूरा करने के लिए 27 या उससे ज्यादा टेंडर पैकेज जारी करने हैं। Supertech के इन 16 प्रोजेक्ट में करीब 49,748 फ्लैट हैं। ये प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड और कर्नाटक में फैले हैं। इन प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए कंस्ट्रक्शन की कीमत करीब ₹9,445 करोड़ बताई गई है।
कहां कौन से प्रोजेक्ट अटके?
इन अटके हुए प्रोजेक्ट में सबसे ज्यादा ग्रेटर नोएडा में हैं। इनमें Sports Village, Eco Village-1, Eco Village-2, Eco Village-3, UP Country और Czar Suites शामिल हैं। वहीं, नोएडा में Eco Citi, Romano, Capetown और North Eye हैं। इसके अलावा गुरुग्राम में Hilltown और Araville हैं। वहीं, मेरठ में Meerut Sports City और Green Village हैं। इसके अलावा रुद्रपुर में में River Crest और बेंगलुरु में Micasa शामिल हैं।
10,040 फ्लैट नहीं बिके
दिसंबर 2024 के डेटा के मुताबिक इन प्रोजेक्ट में 10,040 फ्लैट अनसोल्ड हैं। वहीं, बड़ी संख्या में बायर ऐसे हैं, जिन्होंने फ्लैट के लिए भुगतान किया है, लेकिन अभी तक पजेशन नहीं मिला है। अब नई तारीख सामने आने से इन लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि, NBCC इससे पहले 1 मई और फिर 31 जुलाई से काम शुरू करने की बात कह चुकी है। इसके बाद 1 अक्टूबर की तारीख का टारगेट भी रखा गया था। लेकिन फंडिंग और रेगुलेटरी इश्यूज के कारण काम शुरू नहीं हो पाया।
