बिजनेस

Reliance Jio:फिर छिडे़गी स्पेक्ट्रम वॉर,जानें मुकेश अंबानी का नया प्लान और ईशा ने क्यों मिलाया ब्रिटेन की कंपनी से हाथ

Reliance Jio, Spectrum Auction: सरकार लगभग 96,317 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर मोबाइल फोन सेवाओं के लिए आठ स्पेक्ट्रम बैंड की छह जून से नीलामी करने जा रही है। सबसे ज्यादा पैसा रिलायंस जियो ने एडवांस पेमेंट के रूप में दिया है।

Image

रिलायंस ग्रुप का मेग प्लान

Reliance Jio, Spectrum Auction:चुनाव बाद टेलीकॉम कंपनियों में स्पेक्ट्रम वॉर दिख सकती है। देश की प्रमुख कंपनियों ने जिस तरह आगामी स्पेक्ट्रम नीलामी के लिए एडवांस रकम जमा कराई है, उसे देखते हुए रिलायंस जियो सबसे बड़ी तैयारी में दिख रही है। रिलायंस जियो ने आगामी स्पेक्ट्रम नीलामी में हिस्सा लेने के लिए सर्वाधिक 3,000 करोड़ रुपये की एडवांस राशि जमा की है। सरकार लगभग 96,317 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर मोबाइल फोन सेवाओं के लिए आठ स्पेक्ट्रम बैंड की छह जून से नीलामी करने जा रही है। नीलामी के जरिये 20 वर्षों के लिए स्पेक्ट्रम आवंटित किया जाएगा और सफल बोलीदाताओं को 20 समान वार्षिक किस्तों में भुगतान करने की अनुमति दी जाएगी। इस बार दूरसंचार विभाग ने नीलामी के जरिये कंपनियों को मिलने वाले स्पेक्ट्रम को न्यूनतम 10 वर्षों की अवधि के बाद लौटाने का विकल्प भी दिया है।

किसने कितना जमा किया पैसा

दूरसंचार विभाग की तरफ से जारी डिटेल के अनुसार, भारती एयरटेल ने स्पेक्ट्रम नीलामी के लिए 1,050 करोड़ रुपये और वोडाफोन आइडिया लिमिटेड (वीआईएल) ने 300 करोड़ रुपये की एडवांस राशि जमा कराई है।कंपनियों को जमा की गई बयाना राशि के आधार पर अंक मिलते हैं, जो उन्हें अपने मनचाहे सर्किलों की संख्या और स्पेक्ट्रम की मात्रा के लिए बोली लगाने में सक्षम बनाता है। अधिक अंक होने का मतलब कंपनी की बोली लगाने की ज्यादा क्षमता है।रिलायंस जियो ने अबतक जितनी भी स्पेक्ट्रम नीलामियों में भाग लिया है, उनमें वह एडवांस राशि जमा करने के मामले में शीर्ष पर रही है। उसकी कुल संपत्ति 2.31 लाख करोड़ रुपये है।इसी तरह एयरटेल की कुल संपत्ति 86,260.8 करोड़ रुपये है जबकि वोडाफोन आइडिया की कुल संपत्ति 1.16 लाख करोड़ रुपये के नकारात्मक दायरे में है।

सरकार लगभग 96,317 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर मोबाइल फोन सेवाओं के लिए आठ स्पेक्ट्रम बैंड की छह जून से नीलामी करने जा रही है। नीलामी 800 मेगाहर्ट्ज, 900 मेगाहर्ट्ज, 1,800 मेगाहर्ट्ज, 2,100 मेगाहर्ट्ज, 2,300 मेगाहर्ट्ज, 2,500 मेगाहर्ट्ज, 3,300 मेगाहर्ट्ज और 26 गीगाहर्ट्ज बैंड में सभी उपलब्ध स्पेक्ट्रम की जाएगी।

ब्रिटिश कंपनी से मिलाया हाथ

इस बीच ईशा अंबानी की अगुआई वाली रिलायंस रिटेल ने भारत में ब्रिटिश ऑनलाइन खुदरा विक्रेता एएसओएस (ASOS) के उत्पाद बेचने के लिए साझेदारी की है।कंपनी ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि दीर्घकालिक लाइसेंसिंग समझौते के तहत रिलायंस रिटेल भारत में सभी ऑनलाइन और ऑफलाइन चैनल पर एएसओएस का विशेष खुदरा भागीदार होगी।ब्रिटिश फैशन ब्रांड एएसओएस के उत्पाद खास तौर पर युवाओं पर फोकस करता है। इसके पहले रिलायंस रिटेल ने अमेरिकी आभूषण विक्रेता टिफनी एंड कंपनी और फ्रांसीसी लक्जरी ब्रांड बैलेंसियागा जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के साथ भी साझेदारी की है।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article