Real Estate Companies Deals: रियल एस्टेट कंपनियां अपने कारोबार का विस्तार जारी रखे हुए हैं। इसी के चलते कंपनियों ने पिछले साल 2,707 एकड़ से अधिक जमीन के लिए कम-से-कम 97 डील कीं। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रियल एस्टेट कंसल्टेंसी फर्म एनारॉक ने गुरुवार को जारी अपनी रिपोर्ट में कहा कि आर्थिक रूप से मजबूत डेवलपर और फर्मों का जमीन खरीदने का सिलसिला बीते साल भी मजबूती से जारी रहा। वर्ष 2022 में लगभग 2,508 एकड़ भूमि के 82 सौदे हुए थे। यानी 2023 में 15 डील अधिक हुईं, जिनमें 2022 के मुकाबले 199 एकड़ अधिक जमीन शामिल रही।
ये भी पढ़ें -
अहमदाबाद पर है फोकस
एनारॉक के चेयरमैन अनुज पुरी ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद से कमर्शियल और रेडिसेंशियल मांग बढ़ने के साथ ही डेवलपर और कंपनियां लैंड डील करने के लिए अहमदाबाद का रुख कर रही हैं। सौदों के साइज के लिहाज से अहमदाबाद 2023 में सबसे बड़े भूमि लेनदेन के साथ सबसे आगे रहा।
यहां हुईं सबसे ज्यादा डील
कुल डील्स की संख्या के मामले में मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) 25 डील्स के साथ सबसे आगे रहा। ये डील्स लगभग 289 एकड़ के लिए हुई हैं। वहीं 22 सौदों के साथ दिल्ली-एनसीआर दूसरे स्थान पर रहा।
रिपोर्ट के अनुसार, 2023 में खरीदे गए कुल भूमि क्षेत्र का 72 प्रतिशत रिहायशी गतिविधियों के लिए उपयोग किया जाना है।
2023 में की गईं 97 लैंड डील्स में से टियर 1, 2 और 3 शहरों में रेसिडेंशियल डेवलपमेंट के लिए 1,945+ एकड़ से अधिक के लगभग 74 सौदे प्रस्तावित हैं। वहीं छह अलग-अलग डील्स में 564.75 एकड़ से अधिक जमीन इंडस्ट्रियल और लॉजिस्टिक पार्क और मैन्युफैक्चरिंग के लिए निर्धारित की गई है।
