बिजनेस

लोन लेने वालों को RBI ने किया सावधान, क्यों जारी की चेतावनी?

Loan Waiver Scam: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने कर्ज माफी का झांसा देने वाले फर्जी अभियानों से सावधान रहने को कहा है। ऐसे लोग खुद को अधिकृत बताकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं और ठगी के मामले बढ़ रहे हैं।

Image

कर्ज माफी के नाम पर धोखाधड़ी से सावधान रहने की चेतावनी (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Loan Waiver Scam : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने आम जनता को कर्ज माफी का झांसा देने वाले फर्जी और अनधिकृत अभियानों से सतर्क रहने के लिए चेतावनी जारी (RBI warning) की है। केंद्रीय बैंक ने साफ कहा है कि ऐसे लोग और संस्थाएं लोगों को गुमराह कर रही हैं और उनसे दूर रहना ही सुरक्षित है। आरबीआई के मुताबिक हाल के समय में ऐसे मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है, जहां कुछ व्यक्ति और संगठन खुद को अधिकृत बताकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं।

फर्जी वादों से लोगों को बनाया जा रहा शिकार

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक आरबीआई ने बताया कि ये धोखाधड़ी करने वाले लोग अलग-अलग माध्यमों जैसे सोशल मीडिया, फोन कॉल, मैसेज या सीधे संपर्क के जरिए लोगों तक पहुंचते हैं। ये दावा करते हैं कि वे बैंकों या गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (NBFC) से लिया गया कर्ज माफ करवा सकते हैं। इतना ही नहीं, कुछ लोग “कर्ज माफी प्रमाणपत्र” देने का भी झूठा वादा करते हैं। इसके बदले वे लोगों से सर्विस चार्ज या कानूनी फीस के नाम पर पैसे मांगते हैं।

सभी दावे पूरी तरह झूठे और भ्रामक

केंद्रीय बैंक ने स्पष्ट रूप से कहा है कि ऐसे किसी भी व्यक्ति या संस्था के दावे पूरी तरह झूठे हैं। आरबीआई ने दोहराया कि वह या कोई भी अधिकृत वित्तीय संस्था इस तरह की सेवाएं नहीं देती। अगर कोई ऐसा दावा करता है, तो वह लोगों को धोखा देने की कोशिश कर रहा है। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

पहले भी जारी की जा चुकी है चेतावनी

आरबीआई ने यह भी बताया कि यह पहली बार नहीं है जब ऐसी चेतावनी जारी की गई है। इससे पहले दिसंबर 2023 में भी इसी तरह की सलाह दी गई थी। लेकिन इसके बावजूद ऐसे फर्जी अभियान जारी हैं, जिससे लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। इसलिए केंद्रीय बैंक ने एक बार फिर जनता को जागरूक करने की जरूरत महसूस की।

Loan Waiver Scam, RBI warning, fake debt relief schemes12

कर्ज माफी के नाम पर धोखाधड़ी से सावधान रहने की चेतावनी

वित्तीय व्यवस्था पर पड़ता है असर

आरबीआई के अनुसार, इस तरह की धोखाधड़ी सिर्फ लोगों को नुकसान नहीं पहुंचाती, बल्कि देश की पूरी वित्तीय व्यवस्था को भी प्रभावित करती है। इससे बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों की स्थिरता कमजोर हो सकती है। साथ ही, जमाकर्ताओं के हित भी खतरे में पड़ सकते हैं। ऐसे मामलों में शामिल होने से लोगों को सीधे आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

केंद्रीय बैंक ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी व्यक्ति या संस्था से संपर्क न करें जो कर्ज माफी का दावा करती हो। अगर किसी को अपने लोन से जुड़ी कोई जानकारी चाहिए, तो वह सीधे अपने बैंक या संबंधित वित्तीय संस्था से संपर्क करे। किसी तीसरे व्यक्ति के जरिए काम करवाने से बचना चाहिए।

संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत करें शिकायत

आरबीआई ने यह भी कहा है कि अगर किसी को इस तरह की कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो उसकी जानकारी तुरंत कानून प्रवर्तन एजेंसियों को देनी चाहिए। इससे न केवल खुद को बचाया जा सकता है, बल्कि अन्य लोगों को भी धोखाधड़ी का शिकार होने से रोका जा सकता है। आरबीआई ने लोगों को जागरूक और सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि कर्ज माफी जैसे लालच में आकर किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था पर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article