अगर इन 3 बैंकों में है आपका अकाउंट तो कभी नहीं डूबेगा पैसा, RBI ने खुद जारी की सबसे सेफ बैंकों की लिस्ट
- Authored by: रिचा त्रिपाठी
- Updated Dec 4, 2025, 08:50 AM IST
RBI Safest Banks: अगर आप SBI, HDFC या ICICI Bank के ग्राहक हैं, तो आपके लिए बड़ी राहत की खबर है। RBI ने इन तीनों बैंकों को देश के सबसे सुरक्षित बैंकों की लिस्ट में शामिल रखा है। इसका मतलब है कि इन बैंकों में जमा आपका पैसा किसी भी हाल में डूबने वाला नहीं है, क्योंकि इन्हें भारत की अर्थव्यवस्था के ऐसे मजबूत स्तंभ माना जाता है जिन्हें कभी गिरने नहीं दिया जाएगा।
RBI Safest Banks
RBI Safest Banks: जब भी हम अपनी मेहनत की कमाई बैंक में जमा करते हैं, मन में एक चिंता हमेशा रहती है कि हमारा पैसा कितना सुरक्षित है। भारत में ज्यादातर लोग SBI, HDFC Bank और ICICI Bank जैसे बड़े बैंकों पर भरोसा करते हैं, लेकिन हाल ही में RBI की एक घोषणा ने इन ग्राहकों को और भी ज्यादा भरोसा दे दिया है। रिजर्व बैंक ने साफ कर दिया है कि ये तीनों बैंक भारत की अर्थव्यवस्था के ऐसे मजबूत स्तंभ हैं, जिन्हें किसी भी हाल में डूबने नहीं दिया जा सकता। इसका मतलब यह है कि इनमें जमा आपका पैसा पूरी तरह सुरक्षित माना जा सकता है।
सबसे सुरक्षित बैंक
RBI ने इन तीनों बैंकों को फिर से देश के सबसे सुरक्षित बैंकों की श्रेणी में शामिल किया है। तकनीकी भाषा में इन्हें डोमेस्टिक सिस्टमिकली इम्पॉर्टन्ट बैंक्स यानी D-SIBs कहा जाता है। सरल शब्दों में कहें तो ये “Too Big To Fail” वाली कैटेगरी के बैंक हैं मतलब इतने बड़े कि अगर ये कभी मुश्किल में पड़ जाएं, तो पूरी भारतीय अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है। इसलिए सरकार और RBI हर समय इन बैंकों की सेहत पर कड़ी निगरानी रखते हैं और जरूरत पड़ने पर इन्हें बचाने के लिए आगे आ सकते हैं।
अक्सर लोगों के मन में यह गलतफहमी होती है कि केवल सरकारी बैंक ही सुरक्षित होते हैं। लेकिन RBI की यह लिस्ट इस सोच को गलत साबित करती है क्योंकि इसमें एक सरकारी बैंक यानी SBI के साथ-साथ दो प्राइवेट बैंक HDFC और ICICI भी शामिल हैं। इन तीनों बैंकों का कामकाज इतना बड़ा है कि देश की जीडीपी, लोन सिस्टम, डिजिटल ट्रांजैक्शन और बिज़नेस गतिविधियों में इनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। अगर इनमें कोई छोटी-सी भी गड़बड़ी होती है तो उसका असर आम आदमी से लेकर बाजार, कंपनियों और सरकार तक महसूस कर सकती है। इसी वजह से RBI इन पर सामान्य बैंकों के मुकाबले ज्यादा सख्त नजर रखता है और यह सुनिश्चित करता है कि इनका संचालन किसी भी हालत में बाधित न हो।
क्यों सुरक्षित हैं ये तीन बैंक?
D-SIB की अवधारणा RBI ने साल 2014 में शुरू की थी ताकि देश की बैंकिंग प्रणाली मजबूत और सुरक्षित बनी रहे। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से बैंकों को उनकी वित्तीय क्षमता, प्रबंधन और जोखिम उठाने की क्षमता के आधार पर इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल किया गया। 2015 में सबसे पहले SBI इस लिस्ट का हिस्सा बना। एक साल बाद, 2016 में ICICI Bank को भी इस ग्रुप में शामिल किया गया। फिर 2017 में HDFC Bank को भी D-SIB का दर्जा दे दिया गया। खास बात यह है कि तब से लेकर अब तक हर साल ये तीनों बैंक लगातार इस सूची में बने हुए हैं, जो बताता है कि उनकी वित्तीय मजबूती कितनी स्थिर और भरोसेमंद है।
कितना सुरक्षित है आपका पैसा?
हालांकि, इस खास दर्जे के साथ इन बैंकों को कुछ अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी निभानी होती हैं। RBI ने नियम बनाया है कि D-SIB बैंकों को सामान्य बैंकों की तुलना में ज्यादा पूंजी यानी ज्यादा सुरक्षा बफर अपने पास रखना होता है। इसे कॉमन इक्विटी टियर-1 कैपिटल कहा जाता है। यह पैसा एक तरह का इमरजेंसी फंड होता है, जो आर्थिक संकट के समय बैंक को संभालने में मदद करता है। RBI ने इन तीनों बैंकों को जोखिम और आकार के आधार पर अलग-अलग बकेट में रखा है। SBI को सबसे ऊंचे बकेट में रखा गया है, इसलिए उसे 0.80% अतिरिक्त कैपिटल रखना होगा। HDFC Bank को 0.40% और ICICI Bank को 0.20% अतिरिक्त बफर बनाए रखना होगा। ये नए नियम अप्रैल 2027 से पूरी तरह लागू होंगे, जिससे इन बैंकों की वित्तीय नींव और अधिक मजबूत हो जाएगी।
अगर बात करें आपकी जमा पूंजी की सुरक्षा की, तो D-SIB घोषित होने का मतलब यह है कि बैंक इतना मजबूत है कि बड़े से बड़ा आर्थिक झटका भी आसानी से सह सकता है। यह अप्रत्यक्ष रूप से एक तरह की सुरक्षा गारंटी है कि आपका पैसा किसी भी हालत में खतरे में नहीं पड़ेगा। इसलिए अगर आपका खाता SBI, HDFC या ICICI Bank में है, तो आपको बैंक बंद होने या पैसे फंसने जैसी चिंताओं से डरने की कोई जरूरत नहीं है। RBI और सरकार दोनों ही इन बैंकों को सुरक्षित रखने के लिए हर संभव कदम उठाती हैं, ताकि आम लोगों की बचत हमेशा सुरक्षित रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।