Railway Festival Offer: त्योहारों के मौसम में ट्रेन टिकट की मारामारी से यात्रियों को राहत देने के लिए भारतीय रेलवे ने एक नई योजना शुरू की है। इसका नाम है "राउंड ट्रिप पैकेज फॉर फेस्टिवल रश"। इस स्कीम के तहत यात्री अगर आने और जाने दोनों की टिकट एक साथ बुक करते हैं, तो उन्हें रिटर्न टिकट के बेस किराए पर 20% की छूट मिलेगी।
रेलवे का कहना है कि यह योजना भीड़ को फैलाने और यात्रियों को आसानी से टिकट उपलब्ध कराने के लिए एक्सपेरिमेंटल बेसिस पर लागू की गई है। इस योजना का फायदा उन यात्रियों को मिलेगा जो तय अवधि में अपनी रिटर्न यात्रा बुक करेंगे।
योजना की खास बातें
- छूट केवल तब मिलेगी जब आने और जाने दोनों टिकट एक साथ बुक किए जाएं और यात्री वही हों।
- टिकट की बुकिंग 14 अगस्त 2025 से शुरू होगी।
- रिटर्न यात्रा की तारीख 1 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच होनी चाहिए।
- केवल कन्फर्म टिकटों पर ही यह ऑफर लागू होगा।
- छूट सिर्फ बेस किराए पर मिलेगी, अन्य शुल्कों पर नहीं।
- टिकट बुकिंग ऑनलाइन या रिजर्वेशन काउंटर से की जा सकती है।
रेलवे ने साफ किया है कि इस स्कीम के तहत बुक किए गए टिकट में कोई बदलाव, रद्दीकरण या अन्य छूट कूपन का इस्तेमाल नहीं होगा। यह सुविधा सभी श्रेणियों और अधिकांश ट्रेनों (सिवाय फ्लेक्सी फेयर ट्रेनों के) पर लागू होगी। त्योहारों में घर जाने वालों के लिए यह स्कीम एक राहत भरी खबर है, क्योंकि इसमें पैसे की बचत के साथ-साथ टिकट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।
