PM Modi France Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) आज सुबह फ्रांस के लिए रवाना हुए। उनके फ्रांस दौरे पर दोनों देशों के बीच रक्षा क्षेत्र में कई डील हो सकती हैं। इस यात्रा से दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध भी मजबूत होंगे। वहीं डिजिटल इकोनॉमी, मैन्युफैक्चरिंग और क्लीन एनर्जी समेत अन्य कई क्षेत्रों में भी बड़े कदम उठाए जाने की योजना है। इनमें फ्रांस में यूपीआई (UPI in France) सिस्टम शुरू करने की योजना भी शामिल है।
जोरों पर है चर्चा
पीएम मोदी द्वारा फ्रांस में डिजिटल पेमेंट सिस्टम यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस या यूपीआई के संभावित लॉन्च की चर्चा जोरों पर है। मगर अभी तक इसकी कोई पुष्टी नहीं हो पाई है। यदि यह डील होती है, तो फ्रांस इस सिस्टम को शुरू करने वाला यूरोप का पहला देश बन जाएगा।
सिंगापुर में UPI सर्विस
2023 में, UPI और सिंगापुर के PayNow ने एक एग्रीमेंट किया था, जिससे दोनों देशों के यूजर्स को क्रॉस बॉर्डर ट्रांजेक्शन करने की अनुमति मिल गई। गौरतलब है कि केंद्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पिछले साल घोषणा की थी कि यूपीआई और रुपे कार्ड सेवाएं जल्द ही फ्रांस में उपलब्ध होंगी।
उस समय, नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की इंटरनेशनल यूनिट ने देश में यूपीआई और रुपे की स्वीकृति के लिए फ्रांस के लायरा नेटवर्क (Lyra Network) के साथ एक समझौता किया है।
एक महीने में 550 करोड़ लेन-देन
वैष्णव ने कहा था कि पूरी दुनिया देख रही है कि भारत एक महीने में 5.5 अरब यूपीआई लेनदेन कर रहा है। यह भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। फ्रांस के साथ एग्रीमेंट दुनिया के लिए एक बड़ा कदम है। यूपीआई बनाने वाली कंपनी एनपीसीआई और फ्रांस की लायरा एक साल से इस सिस्टम को देश में लाने पर काम कर रही हैं।
