EPFO Subscribers के लिए बड़ी खबर है। एम्प्लोयी प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (EPFO) ने UPI के जरिए PF निकासी की सुविधा शुरू कर दी है। फिलहाल, EPFO ने इसे ट्रायल के तौर पर शुरू किया है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक EPFO बैंकों के साथ मिलकर इस नए सिस्टम को टेस्ट कर रहा है और इसे दिसंबर के अंत तक औपचारिक रूप से लॉन्च किए जाने की उम्मीद है।
नई व्यवस्था शुरू होने के बाद EPFO सब्सक्राइबर को PF का पैसा निकालने के लिए मौजूदा प्रक्रिया के मुकाबले ज्यादा आसान डिजिटल विकल्प मिल सकता है। नए सिस्टम में UAN पोर्टल को सब्सक्राइबर के UPI अकाउंट से लिंक किया जाएगा, जिससे निकासी प्रक्रिया को तेज और आसान बनाने की तैयारी है।
अभी कैसे मिलता है EPF का पैसा?
फिलहाल EPFO से PF की निकासी के लिए UAN पोर्टल के जरिए ऑनलाइन क्लेम करना होता है। इसके बाद क्लेम प्रॉसेस पूरा होने के बाद EPFO से निकाली गई रकम को मेंबर के बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाता है। इसके बाद ही मेंबर उस रकम का इस्तेमाल कर सकता है। लेकिन, नई व्यवस्था में इसी प्रॉसेस को UPI से जोड़ने की तैयारी है, जिससे PF निकासी का अनुभव ज्यादा आसान हो सकता है।
UPI से PF निकालने पर कितना पैसा मिलेगा?
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत मेंबर अपने EPFO बैलेंस का 75% तक हिस्सा UPI के जरिए निकाल पाएंगे। हालांकि इसके लिए लागू शर्तें पूरी करनी होंगी। मौजूदा नियमों के मुताबिक EPF अकाउंट में कम से कम 25% बैलेंस बनाए रखना जरूरी है। यानी पूरी रकम एक साथ नहीं निकाली जा सकती है। बुनियादी जरूरतों जैसे शिक्षा, विवाह और घर से जुड़े काम करने के लिए पात्र EPF बैलेंस का 75% तक निकाला जा सकता है। इसके बाद खातें बचे 25% हिस्से पर ब्याज मिलता रहता है।
कितने लोगों को मिलेगा फायदा?
EPFO के पास करीब 30 करोड़ सदस्य हैं। UPI निकासी सुविधा शुरू होने से इन सभी सदस्यों को PF क्लेम और निकासी के लिए एक नया और आसान रास्ता मिलेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक EPFO एक नए App पर भी काम कर रहा है, जो सदस्य के बैंक खाते से लिंक होगा। यह App BHIM और दूसरे UPI Apps से भी जुड़ने वाला है। इससे EPF निकासी को UPI इकोसिस्टम के साथ जोड़ा जाएगा। इस तरह UPI से निकासी के लिए यह एप सबसे अहम होगा।
EPFO के पास कितना पैसा है?
EPFO फिलहाल करीब कुल ₹26 लाख करोड़ का फंड मैनेज करता है। वहीं, EPFO के एक्टिव सब्सक्राइबर की संख्या करीब 7.5 करोड़ बताई जा रही है। अगर UPI आधारित निकासी सिस्टम तय समय पर लॉन्च होता है, तो यह करोड़ों एक्टिव मेंबर के लिए PF एक्सेस को डिजिटल और ज्यादा सुविधाजनक बनाने वाला बड़ा बदलाव हो सकता है।
