बिजनेस

तेल कंपनियों को हुआ 21000 करोड़ का नुकसान, अब बढ़ेगी पेट्रोल-डीजल की कीमत!

  • Authored by: डिंपल अलावाधी
  • Updated Nov 10, 2022, 10:35 AM IST

Petrol and Diesel Price Today (आज का डीजल-पेट्रोल का रेट), 10 November 2022: इस साल 21 मई को केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती की गई थी। तब से देश में ईंधन की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

Image

Petrol-Diesel Rate Today: क्या बढ़ने वाली है पेट्रोल-डीजल की कीमत?

Photo : iStock

Petrol-Diesel Rate Today, 10 November 2022: भारत के टॉप तीन सरकारी तेल रिफाइनर रिटेलर्स इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) को जुलाई से सितंबर में कुल 2,748.66 करोड़ रुपये घाटा हुआ है। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में 21,201.2 करोड़ रुपये का नुकसान अब तक का सबसे बड़ा नुकसान था। ऐसे में अनुमान लगाए जा रहे हैं कि क्या इस नुकसान की भरपाई के लिए तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ा देगी?

क्या अब महंगा होगा पेट्रोल - डीजल?

ईंधन की स्थिर कीमत से भले ही आम आदमी को कुछ राहत मिली हो, लेकिन इससे सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को भारी नुकसान हुआ है। मालूम हो कि नुकसान के बावजूद देश में पिछले पांच महीनों से ईंधन की कीमत नहीं बदली है। जी हां, सरकारी कंपनियों ने इस साल मई से ही ईंधन का दाम नहीं बदला है। स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी (LPG Cylinder) पर मार्केटिंग मार्जिन में गिरावट की वजह से कंपनियों को नुकसान हुआ है। जून में खत्म हुई पहली तिमाही में कंपनियों को कुल मिलाकर 18,480 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।

फिलहाल देश में इतनी है ईंधन की कीमत

नवीनतम संशोधित दरों के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल और डीजल की कीमत क्रमशः 96.72 रुपये और 89.62 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में रहने वाले लोग एक लीटर पेट्रोल के लिए 106.31 रुपये और डीजल के लिए 94.27 रुपये खर्च कर रहे हैं। कोलकाता की बात करें, तो यहां पेट्रोल 106.03 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.76 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है। वहीं चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 102.63 रुपये प्रति लीटर है जबकि डीजल की कीमत 94.24 रुपये प्रति लीटर है।

तेल मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने हाल ही में कहा था कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों को डीजल पर 4 रुपये प्रति लीटर का शुद्ध घाटा हो रहा है। उल्लेखनीय है कि स्थानीय टैक्स जैसे वैट और राज्य-दर-राज्य माल भाड़े में अंतर, विभिन्न शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को प्रभावित करता है।

डिंपल अलावाधी
डिंपल अलावाधीauthor

बिजनेस डेस्क पर कार्यरत डिंपल अलावाधी की कारोबार के विषयों पर अच्छी पकड़ है। पत्रकारिता में 5 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाली डिंपल की व्यापार में खास रुचि है। पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार और बैंकिंग सेक्टर के मामलों में विशेष दिलचस्पी है।

और पढ़ें
End of Article