Twitter Deal: दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क (Elon Musk) ट्वीटर Twitter के नए मालिक बन गए हैं। उन्होंने इस सोशल मीडिया कंपनी की कमान संभालते ही चार शीर्ष कार्यकारी अधिकारियों को हटा दिया है, जिनमें भारतीय मूल के CEO(मुख्य कार्यकारी) पराग अग्रवाल (Parag Agrawal) और कानूनी मामलों के कार्यकारी अधिकारी विजय गड्डे भी शामिल हैं। फिलहाल इस पर कंपनी ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। लेकिन ट्विटर से नौकरी जाने के बाद भी पराग अग्रवाल खाली हाथ नहीं जाएंगे और एक भारी-भरकम धनराशि उनके हाथ में आएगी।
मिलेंगे इतने अरब
दरअसल जब कोई भी मल्टी नेशनल कंपनी में कोई शख्स सीईओ के पद पर तैनात होता है तो उसे कंपनी के शेयर भी दिए जाते हैं। रिसर्च फर्म इक्विलर के अनुसार, इसका मतलब है कि मस्क पराग अग्रवाल को लगभग इस एवज में 42 मिलियन अमेरिकी डॉलर का भुगतान करेंगे। भारतीय रुपये में इसकी गणना करें तो यह धनराशि (आज के डॉलर के मूल्य के हिसाब से) 3457020000 (तीन सौ पैंतालीस करोड़, सत्तर लाख 20 हजार) रुपये होती है। इसमें पराग के मूल वेतन ((Parag Agrawal's Salary) के एक साल के मूल्य के साथ-साथ सभी इक्विटी अवॉर्ड्स शामिल हैं। ट्विटर के प्रॉक्सी के अनुसार, 2021 में, अग्रवाल का कुल मुआवजा 30.4 मिलियन डॉलर का था, जब वह चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर थे। सीईओ के रूप में, अग्रवाल का वेतन सालाना $ 1 मिलियन डॉलर था यानि भारतीय रुपये से तुलना करें तो 8 करोड़ 24 लाख रुपया था।
पिछले साल नवंबर में बने थे सीईओ
पराग अग्रवाल ने पिछले साल नवंबर में सह-संस्थापक जैक डोर्सी के अप्रत्याशित रूप से इस्तीफा देने के बाद ट्विटर के सीईओ की कमान संभाली थी। एक प्रमुख शेयरधारक के रूप में मस्क के टेकओवर के बाद से ही यह कहा जा रहा था कि वह वर्तमान मैनेजमेंट से खुश नहीं हैं। पराग अग्रवाल और एलन मस्क के बीच अच्छे संबंध नहीं थे और जो किसी से छिपा नहीं था। मस्क द्वारा ट्विटर खरीदने के बाद पराग अग्रवाल पर गाज गिरना तय माना जा रहा था।IIT बॉम्बे से हैं पासउट
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), बॉम्बे और स्टैनफॉर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर चुके अग्रवाल ने एक दशक से अधिक समय पहले ट्विटर में नौकरी शुरू की थी। पिछले साल ट्विटर के सीईओ नियुक्त किए गए अग्रवाल की मस्क के साथ सार्वजनिक और निजी रूप से कहासुनी हो गई थी। मस्क ने ‘कंटेंट मॉडरेशन’ (ऑनलाइन सामग्री की निगरानी और छंटनी की प्रक्रिया) के मामले में गड्डे की भूमिका की भी सार्वजनिक तौर पर आलोचना की थी। आपको बता दें कि मस्क ने बृहस्पतिवार को ट्विटर को खरीदने के 44 अरब अमेरिकी डॉलर के करार को अमलीजामा पहना दिया है।
