बिजनेस

NSDL Share Price: लिस्टिंग के बाद लगातार रॉकेट बना शेयर, 15 मिनट में निवेशकों ने कमाए 2376 करोड़

NSDL Share Price: लिस्टिंग के बाद से ही शेयर में जोरदार रैली जारी है। 6 अगस्त को सामान्य लिस्टिंग के बाद से यह लगातार चढ़ रहा है। 800 रुपये के इश्यू प्राइस से अब तक इसका भाव 51% उछल चुका है और तेजी रुकने का नाम नहीं ले रही। सिर्फ 8 अगस्त को ही इस उछाल से निवेशकों की संपत्ति में 2,376 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ।

Image

NSDL Share Price (Pic Credit: iStock)

Photo : iStock

NSDL Share Price: नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) के शेयर बाजार में आते ही रॉकेट की तरह भाग रहे हैं। लिस्टिंग के बाद से इस शेयर में जबरदस्त तेजी जारी है और निवेशक हर दिन मुनाफा कमा रहे हैं। 8 अगस्त की सुबह गिरते बाजार से भी ट्रेडिंग शुरू होने के 15 मिनट में ही निवेशकों की संपत्ति 2,376 करोड़ रुपये बढ़ गई।

लिस्टिंग से अब तक लगातार तेजी

6 अगस्त को ठीक-ठाक लिस्टिंग के बाद से ही शेयर ऊपर की ओर जा रहा है। इश्यू प्राइस से अब तक इसमें 51% की बढ़त हो चुकी है और तेजी थमने का नाम नहीं ले रही। 8 अगस्त को शुरुआती कारोबार में हल्की गिरावट के बाद शेयर ने रफ्तार पकड़ी और सुबह 9:30 बजे तक 1,282 रुपये के भाव पर पहुंच गया। यह इसके इश्यू प्राइस 800 रुपये से करीब 51% ज्यादा है। BSE के डेटा के मुताबिक, कंपनी का मार्केट कैप एक दिन में 22,446 करोड़ रुपये से बढ़कर 24,822 करोड़ रुपये हो गया। वहीं खबर लिखे जाने तक शेयर में 19 फीसदी तक की तेजी देखने को मिल रही है। बीते दो दिन में शेयर में 40 फीसदी तक की तेजी आई है.

शानदार लिस्टिंग और सब्सक्रिप्शन

NSDL का शेयर 7 अगस्त को BSE पर 17% प्रीमियम के साथ लिस्ट हुआ था। कंपनी का IPO भी जबरदस्त तरीके से 41.02 गुना सब्सक्राइब हुआ था। यह पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) था और इसका इश्यू साइज 4,011.16 करोड़ रुपये था। प्राइस बैंड 760-800 रुपये रखा गया था।

बोर्ड मीटिंग की तैयारी

कंपनी ने बताया है कि 12 अगस्त 2025 को बोर्ड मीटिंग होगी, जिसमें जून तिमाही (Q1 FY26) के वित्तीय नतीजों की समीक्षा और मंजूरी दी जाएगी।

NSDL बनाम CDSL किसके पास ज्यादा ग्राहक?

सेबी के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई 2025 तक NSDL के पास लगभग 2.4 करोड़ सक्रिय निवेशक और 2,000 शहरों में 36,123 से ज्यादा डिपॉजिटरी पार्टिसिपेंट सर्विस सेंटर हैं। वहीं CDSL के पास 5.2 करोड़ से ज्यादा सक्रिय ग्राहक और 21,434 सर्विस सेंटर मौजूद हैं।

(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article