Rich People: जब भी दुनिया के सबसे अमीर देशों की बात होती है, तो सबसे पहले अमेरिका और चीन का नाम सामने आता है। अमेरिका सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और चीन दूसरे नंबर पर आता है। लेकिन हैरानी की बात ये है कि इन दोनों ताकतवर देशों में अब अमीरों की संख्या सबसे तेजी से नहीं बढ़ रही है।
हाल ही में आई UBS ग्लोबल वेल्थ रिपोर्ट 2024 के मुताबिक, दुनिया में कुछ ऐसे देश हैं जहां अमीरों की तादाद अमेरिका और चीन से भी तेजी से बढ़ रही है। इनमें सबसे आगे है ताइवान।
यहां तेजी से बढ़ रहे अमीर
- ताइवान इस समय सबसे तेजी से अमीरों की संख्या बढ़ाने वाला देश बन गया है। इसकी कुल आबादी लगभग 2.31 करोड़ है, और इसमें से करीब 7.6 लाख लोग ऐसे हैं जिनकी संपत्ति 10 लाख डॉलर (लगभग ₹8.3 करोड़) से ज्यादा है। जनसंख्या के अनुपात में देखें तो ताइवान में अमीरों की हिस्सेदारी दुनिया में सबसे ज्यादा है।
- तुर्की भी तेजी से उभरते अमीरों के मामले में पीछे नहीं है। कभी कमजोर अर्थव्यवस्था वाला देश माने जाने वाला तुर्की अब काफी तरक्की कर रहा है। बीते एक साल में यहां करीब 7,000 नए मिलियनेयर बने हैं। अब देश में कुल 68,000 मिलियनेयर हैं, और रिपोर्ट के अनुसार 2028 तक यह संख्या बढ़कर 87,000 से ज्यादा हो सकती है।
- कजाकिस्तान में भी अमीरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। साल 2023 में यहां 44,307 मिलियनेयर थे और यह आंकड़ा 2028 तक 60,874 तक पहुंच सकता है।
- इसके अलावा, इंडोनेशिया, मेक्सिको, थाईलैंड, स्वीडन, साउथ कोरिया, इज़राइल और वियतनाम जैसे देशों में भी अमीरों की संख्या में अच्छा-खासा इजाफा हुआ है।
भारत का क्या हाल?
भारत की इकोनॉमी तेजी से बढ़ जरूर रही है, लेकिन अमीरों की संख्या में वैसी तेजी नहीं दिख रही जैसी इन देशों में। इसका मतलब यह है कि भारत की आर्थिक ग्रोथ का फायदा अभी आम लोगों तक या निजी संपत्ति में इतनी तेजी से नहीं पहुंचा है।
