नया इनकम टैक्स कानून: टैक्सपेयर्स के लिए बड़ी राहत, नियम और फॉर्म क्या-क्या हुए बदलाव
- Authored by: रामानुज सिंह
- Updated Feb 10, 2026, 06:36 AM IST
New Income Tax Law: नये इनकम टैक्स कानून के लिए जारी मसौदा नियम और फॉर्म अब काफी आसान हो गए हैं। नियमों की संख्या करीब 35% घटाकर 333 कर दी गई है, जबकि फॉर्म में 50% से अधिक की कटौती की गई है। इसका उद्देश्य टैक्सपेयर्स के लिए प्रावधान आसान बनाना, अनुपालन का बोझ कम करना और टैक्स व्यवस्था को टैक्सपेयर्स के अनुकूल बनाना है। नीचे डिटेल जानिए।
नया आयकर कानून: नियम और फॉर्म पहले से ज्यादा आसान (तस्वीर-istock)
New Income Tax Law : नये इनकम टैक्स कानून के तहत टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत मिलने वाली है। इनकम टैक्स विभाग ने नये इनकम टैक्स कानून, 2025 के लिए नियमों और फॉर्म का मसौदा जारी किया है, जिसमें नियमों और फॉर्म दोनों की संख्या में बड़ी कटौती की गई है। इस कदम का मकसद टैक्स व्यवस्था को सरल बनाना, अनुपालन का बोझ कम करना और करदाताओं के लिए पूरी प्रक्रिया को ज्यादा सुविधाजनक बनाना है। इनकम टैक्स विभाग के सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
नियमों और फॉर्म की संख्या में बड़ी कटौती
सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित इनकम टैक्स नियम, 2026 के तहत नियमों की कुल संख्या घटाकर 333 कर दी गई है। इससे पहले इनकम टैक्स नियम, 1962 के तहत नियमों की संख्या 511 थी। यानी नियमों में लगभग 35 प्रतिशत की कमी की गई है। इसी तरह, फॉर्म की संख्या में 50 प्रतिशत से भी ज्यादा की कटौती की गई है। पहले जहां 399 फॉर्म थे, अब उनकी संख्या घटाकर 190 कर दी गई है। यह बदलाव करदाताओं के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
भाषा हुई सरल, अनावश्यक अनुपालन हटे
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक इनकम टैक्स विभाग के सूत्रों ने बताया कि नये नियमों और फॉर्म की भाषा को आसान हिंदी और सरल शब्दों में तैयार किया गया है। ऐसे कई अनुपालन प्रावधानों को हटा दिया गया है, जिनकी अब जरूरत नहीं रह गई थी। इसके साथ ही, फॉर्म को मानकीकृत किया गया है ताकि करदाताओं को अलग-अलग तरह के फॉर्म भरने की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया एक जैसी और समझने में आसान बने।
इनकम टैक्स कानून 2025 के अनुरूप किए गए नियम
नये मसौदा नियमों को पूरी तरह इनकम टैक्स कानून, 2025 के अनुरूप बनाया गया है। पुराने और गैर-जरूरी प्रावधानों को खत्म कर दिया गया है ताकि कानून और नियमों के बीच कोई भ्रम न रहे। सूत्रों के अनुसार, नियमों और फॉर्म को पूरी तरह से “री-इंजीनियर” किया गया है, यानी उन्हें नए सिरे से तैयार किया गया है।
प्री-फिल्ड फॉर्म से होगी बड़ी सुविधा
नये नियमों की एक खास बात यह है कि करदाताओं को प्री-फिल्ड फॉर्म की सुविधा मिलेगी। इसका मतलब है कि आयकर विभाग के पास पहले से उपलब्ध जानकारी, जैसे आय और लेन-देन का विवरण, फॉर्म में अपने आप भरा हुआ मिलेगा। इससे न केवल फॉर्म भरना आसान होगा, बल्कि गलती होने की संभावना भी काफी कम हो जाएगी।
सुझावों के बाद मार्च में अधिसूचना
इनकम टैक्स विभाग ने बीते सप्ताह शनिवार को नये आयकर कानून, 2025 के तहत नियमों और फॉर्म का मसौदा जारी किया था। विभाग ने सभी संबंधित पक्षों और आम लोगों से 22 फरवरी तक सुझाव मांगे हैं। सूत्रों ने बताया कि इन सुझावों पर विचार करने के बाद नये नियमों और फॉर्म को मार्च के पहले सप्ताह में अधिसूचित किया जाएगा।
1 अप्रैल 2026 से लागू होगा नया कानून
नया इनकम टैक्स कानून, 2025 एक अप्रैल, 2026 से लागू होगा। इसके लागू होने के साथ ही छह दशक से अधिक पुराने इनकम टैक्स कानून, 1961 की जगह नया कानून ले लेगा। एक सवाल के जवाब में सूत्रों ने कहा कि इन बदलावों से कर अनुपालन ज्यादा आसान और बेहतर होगा। साथ ही इनकम टैक्स विभाग की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी, जिससे कर चोरी पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
