New Income Tax Bill 2025 : इनकम टैक्स विभाग ने स्पष्ट किया है कि नया इनकम टैक्स बिल 2025 टैक्स की किसी भी दर में बदलाव का प्रस्ताव नहीं करता है। विभाग ने यह स्पष्टीकरण उन खबरों के बाद जारी किया, जिनमें दावा किया गया था कि बिल में लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स (LTCG) टैक्स दरों में बदलाव किया जाएगा। विभाग ने अपने आधिकारिक 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह बिल केवल भाषा को सरल बनाने और अप्रचलित प्रावधानों को हटाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
भाषा में सरलता और पारदर्शिता लाना उद्देश्य
विभाग ने कहा कि नए बिल का मकसद मौजूदा इनकम टैक्स एक्ट को ज्यादा सरल, बोधगम्य और व्यवहारिक बनाना है। इसके जरिए तकनीकी शब्दावली को कम करके स्पष्टता लाने का प्रयास किया गया है, ताकि आम टैक्सपेयर्स के लिए इसे समझना आसान हो।
अस्पष्टताओं का समाधान होगा
इनकम टैक्स विभाग ने भरोसा दिलाया है कि अगर बिल में किसी तरह की कोई अस्पष्टता सामने आती है, तो उसे विधेयक पारित होने के दौरान उचित रूप से सुलझा लिया जाएगा। इसका मतलब यह है कि टैक्सपेयर्स को फिलहाल किसी भी तरह की चिंता करने की जरुरत नहीं है।
बिल की वर्तमान स्थिति
नया इनकम टैक्स बिल फरवरी 2025 में संसद में पेश किया गया था। इसके बाद इसे एक संसदीय समिति को विचार के लिए भेजा गया। समिति ने इस पर अपनी सिफारिशें 21 जुलाई को संसद में प्रस्तुत की हैं। इस तरह, यह बिल अभी विचार और संशोधन की प्रक्रिया में है और इसे पारित होने में कुछ समय लग सकता है।
