भारतीय रेलवे से अचानक या इमरजेंसी में यात्रा करने वाले लोगों के लिए कंफर्म टिकट पाना हमेशा से एक बहुत बड़ी चुनौती रहा है। ज्यादातर लोग कंफर्म सीट के लिए तत्काल कोटे का सहारा लेते हैं, लेकिन जैसे ही सुबह तत्काल बुकिंग (Tatkal Ticket) खुलती है, कुछ ही सेकंड के भीतर सारी सीटें बुक हो जाती हैं। ऐसे में बहुत से यात्रियों के हाथ सिर्फ निराशा और वेटिंग टिकट (Waiting Ticket) ही लगता है। अगर आपके साथ भी ऐसा अक्सर होता है, तो रेलवे का 'प्रीमियम तत्काल' (Premium Tatkal) कोटा आपके लिए एक बेहतरीन और काम का विकल्प साबित हो सकता है। हालांकि, इस कोटे से टिकट बुक करने की दौड़ में शामिल होने से पहले इसके कुछ जरूरी नियमों को समझ लेना बहुत जरूरी है, क्योंकि यह सामान्य तत्काल से काफी अलग है।
क्या है प्रीमियम तत्काल टिकट?
प्रीमियम तत्काल कोटे की सबसे बड़ी और खास बात यह है कि इसमें यात्रियों को केवल और केवल कंफर्म टिकट ही दिया जाता है। इस कोटे के तहत आरएसी (RAC) या वेटिंग लिस्ट (Waiting List) का कोई झंझट नहीं होता है। इसका सीधा सा नियम है अगर ट्रेन में सीटें खाली हैं, तो आपको तुरंत कंफर्म टिकट मिल जाएगा और अगर सीटें पूरी तरह भर गईं, तो इस कोटे में बुकिंग का विकल्प ही बंद हो जाता है।
इस कोटे का दूसरा सबसे बड़ा नियम इसके किराए से जुड़ा है। प्रीमियम तत्काल में टिकट की कीमत सामान्य टिकटों की तरह फिक्स नहीं होती। इसमें रेलवे 'डायनेमिक फेयर सिस्टम' यानी मांग के आधार पर किराया तय करने का फॉर्मूला अपनाता है। इसका मतलब यह है कि जैसे-जैसे इस कोटे की सीटें बुक होती जाएंगी और सीटों की संख्या कम होती जाएगी, वैसे-वैसे टिकट का दाम भी बढ़ता जाएगा। इसलिए, जो यात्री बुकिंग खुलते ही सबसे पहले टिकट बुक कर लेते हैं, उन्हें थोड़ा कम किराया देना पड़ता है, जबकि बाद में बुकिंग करने वालों की जेब पर भारी असर पड़ सकता है।
क्या है टाइमिंग?
अगर बात इसकी टाइमिंग की करें, तो प्रीमियम तत्काल की बुकिंग भी यात्रा की तारीख से ठीक एक दिन पहले शुरू होती है। एसी क्लास (AC Class) के डिब्बों के लिए बुकिंग सुबह 10:00 बजे खुलती है, जबकि स्लीपर और अन्य नॉन-एसी क्लास (Non-AC Class) के लिए बुकिंग सुबह 11:00 बजे शुरू होती है। एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रीमियम तत्काल के टिकट आप रेलवे स्टेशन के काउंटर पर जाकर नहीं खरीद सकते। यह सुविधा पूरी तरह से ऑनलाइन है, यानी इसे सिर्फ आईआरसीटीसी (IRCTC) की आधिकारिक वेबसाइट या उनके मोबाइल ऐप के जरिए ही बुक किया जा सकता है।
प्रीमियम तत्काल में कुछ कड़े नियम भी लागू होते हैं। इस कोटे से बुक किए गए टिकट को अगर आप खुद कैंसिल (रद्द) करते हैं, तो सामान्य परिस्थितियों में रेलवे की तरफ से कोई रिफंड नहीं दिया जाता है, यानी आपका पूरा पैसा डूब सकता है। साथ ही, इस कोटे में वरिष्ठ नागरिकों (Senior Citizens) या बच्चों को किराए में मिलने वाली किसी भी तरह की छूट का लाभ नहीं मिलता है; सभी को पूरा डायनेमिक किराया ही देना होता है।
कैसे मिलती है कन्फर्म टिकट
प्रीमियम तत्काल में कंफर्म टिकट पाने की संभावना को बढ़ाने के लिए आप एक आसान सी ट्रिक अपना सकते हैं। बुकिंग का समय शुरू होने से पहले ही अपने आईआरसीटीसी (IRCTC) अकाउंट में जाकर 'मास्टर लिस्ट' (Master List) तैयार कर लें। इसमें यात्रियों के नाम, उम्र और अन्य जानकारियां पहले से सेव हो जाती हैं, जिससे बुकिंग के समय फॉर्म भरने में आपका कीमती समय बर्बाद नहीं होता। इसके अलावा, आपके पास एक फास्ट इंटरनेट कनेक्शन होना चाहिए और पेमेंट के लिए यूपीआई (UPI) या नेट बैंकिंग जैसे सबसे तेज माध्यमों का उपयोग करना चाहिए, क्योंकि यहाँ कुछ सेकंड की भी देरी आपको कंफर्म टिकट की रेस से बाहर कर सकती है।
