अमेरिकी टेक दिग्गजों के तिमाही नतीजों के बाद वॉल स्ट्रीट पर बड़ा उलटफेर दिखा। जहां Meta का शेयर भारी AI खर्च के चलते करीब 10% टूट गया, वहीं Google की पेरेंट कंपनी Alphabet मजबूत कमाई के दम पर 6% उछल गई। Amazon और Microsoft भी दबाव में रहे।
AI खर्च ने Meta को दिया झटका
Meta Platforms के शेयरों में करीब 10 प्रतिशत की तेज गिरावट आई है। कंपनी ने अपने नतीजों में बताया कि “Superintelligence” यानी AI पर बड़े निवेश के चलते खर्च बढ़कर 33.4 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। इसके साथ ही Meta ने अपने कैपेक्स गाइडेंस को बढ़ाकर 125–145 अरब डॉलर कर दिया है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ी है। Meta की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि उसके AI निवेश का सीधा रेवेन्यू मॉडल अभी स्पष्ट नहीं है, जबकि खर्च लगातार बढ़ रहा है। यही कारण रहा कि बाजार ने इन नतीजों को नकारात्मक रूप से लिया।
Google का AI दांव हुआ हिट
Alphabet Inc. ने शानदार नतीजों के दम पर बाजार को चौंका दिया। कंपनी का मुनाफा 62.6 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जबकि रेवेन्यू करीब 110 अरब डॉलर के आसपास रहा, जो बाजार अनुमान से बेहतर है। Google ने AI को अपने सर्च, क्लाउड और विज्ञापन बिजनेस में सफलतापूर्वक इंटीग्रेट किया है, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। यही वजह रही कि Alphabet के शेयर 6 प्रतिशत तक उछल गए।
Amazon और Microsoft भी दबाव में
Amazon और Microsoft के शेयरों में भी गिरावट देखने को मिली। Amazon करीब 2 प्रतिशत और Microsoft 3.7 प्रतिशत तक फिसल गया।
इन कंपनियों के लिए चिंता का कारण AI पर बढ़ता खर्च और उससे जुड़े रिटर्न की अनिश्चितता है। हालांकि दोनों कंपनियां क्लाउड के जरिए AI सेवाएं बेच रही हैं, लेकिन निवेशकों को लागत और लाभ के संतुलन पर स्पष्टता चाहिए।
बाजार में मिला-जुला रुख
नतीजों के बाद वॉल स्ट्रीट पर मिला-जुला ट्रेंड दिखा। Dow Jones करीब 0.8 प्रतिशत बढ़त के साथ 49,241 के आसपास रहा। S&P 500 में 0.2 प्रतिशत की हल्की तेजी रही, जबकि Nasdaq लगभग फ्लैट रहा। यह संकेत देता है कि निवेशक अब केवल AI निवेश नहीं, बल्कि उससे मिलने वाले वास्तविक रिटर्न और बिजनेस मॉडल की स्पष्टता को ज्यादा महत्व दे रहे हैं।
डिस्क्लेमर: TimesNow Navbharat किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
