बिजनेस

Mark Cuban की चेतावनी! एक झटके में जमीन पर आ सकती है Elon Musk की दौलत

मशहूर अमेरिकी निवेशक ने शेयरों के दम पर अमीर बने लोगों को लेकर चेतावनी देते हुए कहा है कि बाजार में गिरावट आने पर एक झटके में एलन मस्क जैसे अमीरों की दौलत आसमान से जमीन पर आ सकती है।

Image

मार्क क्यूबन की बड़ी चेतावनी

Mark Cuban Warning : मशहूर अमेरिकी अरबपति मार्क क्यूबन ने दुनिया के सबसे अमीर लोगों को लेकर बड़ी चेतावनी दी है। क्यूबन का कहना है कि शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आने पर एलन मस्क जैसे अरबपतियों की संपत्ति भी तेजी से खत्म हो सकती है। उनका मानना है कि दुनिया की सबसे बड़ी संपत्तियां आज शेयर बाजार के प्रदर्शन पर काफी हद तक निर्भर हैं और किसी बड़े बाजार संकट का असर सबसे अमीर लोगों पर भी पड़ सकता है।

हाउस ऑफ हेमेकर्स पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान मार्क क्यूबन ने कहा, "अब भी पूरी संभावना है कि एलन मस्क जैसे लोगों की संपत्ति को सहारा देने वाला शेयर बाजार फिर से बुरी तरह गिर सकता है।" उन्होंने कहा कि कागज पर दिखाई देने वाली अरबों डॉलर की संपत्ति बाजार के उतार-चढ़ाव से जुड़ी होती है और इसमें भारी गिरावट आने पर नेटवर्थ भी तेजी से घट सकती है।

कभी मस्क और बेजोस से ज्यादा थी नेटवर्थ

मार्क क्यूबन ने बातचीत के दौरान खुलासा किया कि एक समय ऐसा भी था जब उनकी कुल संपत्ति एलन मस्क और जेफ बेजोस की संयुक्त संपत्ति से भी अधिक थी।हालांकि, फोर्ब्स के मुताबिक अब मार्क क्यूबन की कुल संपत्ति करीब 6 अरब डॉलर है। वहीं एलन मस्क की अनुमानित संपत्ति 1.3 ट्रिलियन डॉलर और जेफ बेजोस की 251.5 बिलियन डॉलर है।

संपत्ति के बढ़ते केंद्रीकरण पर जताई चिंता

मार्क क्यूबन ने दुनिया में बढ़ती आर्थिक असमानता और संपत्ति के केंद्रीकरण को भी गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि आज 10 से 15 कंपनियां ट्रिलियन डॉलर वैल्यूएशन तक पहुंच चुकी हैं, जबकि हजारों कंपनियां विकास की दौड़ में पीछे रह गई हैं। क्यूबन ने कहा, "संपत्ति का अत्यधिक केंद्रीकरण एक समस्या है। असली सवाल यह है कि हम इसका जवाब कैसे देते हैं।" उनका मानना है कि कुछ बड़ी कंपनियों में पूंजी का अत्यधिक जमावड़ा आर्थिक संतुलन के लिए चुनौती बन सकता है।

1999 की डील से बचाई थी अरबों डॉलर की संपत्ति

क्यूबन ने अपनी सबसे चर्चित वित्तीय रणनीतियों में से एक का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 1999 में अपनी कंपनी Broadcast.com को Yahoo को 5.7 अरब डॉलर में बेचने के बाद उन्होंने अपनी संपत्ति को बाजार जोखिम से बचाने के लिए "कॉलर स्ट्रेटेजी" अपनाई, जिससे बाजार में गिरावट का जोखिम सीमित हो जाता है। क्यूबन ने बताया कि इस कदम की बदौलत उन्होंने लगभग 1.4 अरब डॉलर की हिस्सेदारी को सुरक्षित रखा।

उन्होंने कहा, "मैंने सिर्फ अपनी संपत्ति की रक्षा ही नहीं की, बल्कि उससे और ज्यादा पैसा भी कमाया।"

वित्तीय अनुशासन पर भी दिया जोर

मार्क क्यूबन अक्सर व्यक्तिगत वित्त और जिम्मेदार निवेश को लेकर अपनी राय साझा करते रहते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि जीवन के शुरुआती वर्षों में उन्होंने हर 30 दिन में क्रेडिट कार्ड का पूरा बकाया नहीं चुकाने की गलती की थी। बाद में उन्हें इसका अफसोस हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने बच्चों को धन के घमंड और अधिकार की भावना से दूर रखना चाहते हैं, ताकि वे मेहनत और जिम्मेदारी का महत्व समझ सकें।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article