Infosys Q2 Results LIVE: इंफोसिस ने दूसरी तिमाही का रिजल्ट जारी कर दिया है। कंपनी का शुद्ध लाभ 13% बढ़कर 7,364 करोड़ रुपये पहुंच गया है। इसके साथ ही कंपनी ने अपने शेयरधारकों को प्रति शेयर 23 रुपये का Dividend देने का ऐलान किया है। कंपनी ने भुगतान प्राप्त करने के लिए शेयरधारकों की पात्रता निर्धारित करने हेतु 27 अक्टूबर को रिकॉर्ड तिथि निर्धारित की है। इंफोसिस के मुख्य वित्तीय अधिकारी जयेश संघराजका ने बताया कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 की पहली छमाही में 12,000 फ्रेशर्स को नियुक्त किया। उन्होंने आगे कहा, "इस साल हमारी योजना 20,000 फ्रेशर्स की नियुक्ति का लक्ष्य हासिल करने की है।"
लाभ बढ़कर 7,364 करोड़ रुपये
इन्फोसिस का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 13.2 प्रतिशत बढ़कर 7,364 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजारों को जुलाई-सितंबर, 2025 तिमाही के इन वित्तीय नतीजों की सूचना दी। कंपनी ने पिछले साल की समान तिमाही में 6,506 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था। वित्त वर्ष 2025-26 की सितंबर तिमाही में इन्फोसिस की परिचालन आय 8,6 प्रतिशत बढ़कर 44,490 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले की समान अवधि में उसकी परिचालन आय 40,986 करोड़ रुपये थी।
विप्रो का लाभ बढ़कर 3,246 करोड़ रुपये हुआ
सूचना प्रौद्योगिकी सेवा कंपनी विप्रो का चालू वित्त वर्ष की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ मामूली बढ़कर 3,246.2 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 3,208.8 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी परिचालन आय पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 1.7 प्रतिशत बढ़कर 22,697.3 करोड़ रुपये हो गई। इससे पिछली तिमाही की तुलना में कंपनी के लाभ में 2.5 प्रतिशत की गिरावट आई जबकि राजस्व में 2.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
हमारी राजस्व गति मजबूत हो रही
विप्रो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक श्रीनिवास पालिया ने कहा, ‘‘यूरोप और एपीएमईए (एशिया, प्रशांत, पश्चिम एशिया और अफ्रीका) में वृद्धि के साथ हमारी राजस्व गति मजबूत हो रही है और हमारे मुनाफे का स्तर भी ठीक बना हुआ है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में हमारी बुकिंग 9.5 अरब डॉलर से ज्यादा हो गई है। हमारी योजना साफ है मुश्किलों का सामना करना, दुनिया में हो रहे बदलावों के साथ खुद को बदलना, और कृत्रिम मेधा (एआई) के साथ आगे बढ़ना। मैं बहुत खुश हूं कि हम अपनी एआई प्रौद्योगिकी से हमारे ग्राहकों की मदद कर पाएंगे ताकि वे बढ़ सकें और भविष्य की दुनिया में सफल हो सकें।’’
