Foreign Exchange Reserves Of India: देश का विदेशी मुद्रा भंडार आठ दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 2.82 अरब डॉलर बढ़कर 606.86 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह देश का कुल मुद्रा भंडार 6.11 अरब डॉलर बढ़कर 604.04 अरब डॉलर हो गया था।
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2021 में, देश का विदेशी मुद्राभंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। पिछले साल से वैश्विक गतिविधियों के कारण दबाव के बीच केंद्रीय बैंक ने रुपये की विनिमय दर बनाए रखने के लिए मुद्राभंडार का उपयोग किया। इससे मुद्रा भंडार प्रभावित हुआ।
रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के मुताबिक आठ दिसंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां 3.08 अरब डॉलर बढ़कर 536.69 अरब डॉलर हो गयी। डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में घट-बढ़ के प्रभावों को शामिल किया जाता है।
आरबीआई के अनुसार स्वर्ण भंडार का मूल्य 19.9 करोड़ डॉलर घटकर 47.13 अरब डॉलर रह गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 6.3 करोड़ डॉलर घटकर 18.19 अरब डॉलर रह गया। आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास रखा देश का मुद्रा भंडार 1.1 करोड़ डॉलर घटकर 4.84 अरब डॉलर रह गया। (इनपुट भाषा)
