बिजनेस

Forex Reserves: विदेशी मुद्रा भंडार में 6.30 अरब डॉलर का उछाल, बढ़त के बाद 584.75 अरब डॉलर हुआ फॉरेक्स रिजर्व

RBI ने शुक्रवार को बताया कि 7 अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 6.30 अरब डॉलर के उछाल के साथ 584.75 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। इसके अलावा देश के गोल्ड रिजर्व में भी बढ़ोतरी हुई है।

Image

अक्टूबर 2021 में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • देश के विदेशी मुद्रा भंडार में 6.30 अरब डॉलर की वृद्धि
  • बढ़ोतरी के बाद 584.75 अरब डॉलर हुआ फॉरेक्स रिजर्व
  • देश के गोल्ड रिजर्व में भी दर्ज की गई बढ़ोतरी

देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) 7 अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में 6.306 अरब डॉलर के उछाल के साथ 584.755 अरब डॉलर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। इस बढ़ोतरी के साथ ही विदेशी मुद्रा भंडार में पिछले दो हफ्ते से जारी गिरावट पर भी आखिरकार विराम लग गया है। इससे पिछले हफ्ते, देश का विदेशी मुद्रा भंडार 32.9 करोड़ डॉलर घटकर 578.42 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। बताते चलें कि अक्टूबर 2021 में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।

फॉरेन करेंसी एसेट्स में 4.74 अरब डॉलर की बढ़ोतरी

वैश्विक घटनाक्रमों के बीच केंद्रीय बैंक के रुपये की एक्सचेंज रेट में तेज गिरावट को रोकने के लिए मुद्रा भंडार का उपयोग किया था, जिसके बाद इसमें गिरावट आई थी। रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, 7 अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा फॉरेन करेंसी एसेट्स रहा, जो 4.74 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 514.431 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

गोल्ड रिजर्व में भी 1.496 अरब डॉलर का उछाल

डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाले फॉरेन करेंसी एसेट्स में यूरो, पाउंड और येन जैसे नॉन-अमेरिकन करेंसी में आई उतार-चढ़ाव के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है। रिजर्व बैंक ने कहा कि पिछले हफ्ते गोल्ड रिजर्व की वैल्यू में भी 1.496 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बाद ये 46.696 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।

आंकड़ों के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 5.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.45 अरब डॉलर हो गया। पिछले हफ्ते अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में रखा देश का मुद्रा भंडार 1.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 5.178 अरब डॉलर पर रहा।

पीटीआई इनपुट्स के साथ

Sunil Chaurasia
सुनील चौरसियाauthor

<p>मैं सुनील चौरसिया,. मऊ (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला हूं और अभी दिल्ली में रहता हूं। मैं टाइम्स नाउ नवभारत में बिजनेस, यूटिलिटी और पर्सनल फाइनेंस पर काम कर रहा हूं। टाइम्स नाउ से पहले मैं ज़ी बिजनेस, टीवी9 भारतवर्ष, न्यूज नेशन, राजस्थान पत्रिका में काम कर चुका हूं। मेरी हमेशा कोशिश रहती है कि मैं अपने रीडर्स तक उनके काम से जुड़ी जरूरी जानकारियां पहुंचा सकूं।</p>

और पढ़ें
End of Article