How to Get 10000 Monthly Interest from FD: आज के समय में पैसे बचाने और बढ़ाने के कई तरीके मौजूद हैं, लेकिन 'फिक्स्ड डिपॉजिट' (FD) को निवेश का सबसे सुरक्षित तरीका माना जाता है। शेयर बाजार की तरह FD में पैसों का उतार चढ़ाव नहीं होता। बैंक एफडी में आपको पहले से पता होता है कि आपका पैसा कितना बढ़ेगा और आपको हर महीने कितनी रकम मिलेगी। अगर आप बैंक से हर महीने 10,000 रुपये ब्याज के तौर पर पाना चाहते हैं, तो आपको एक बड़ी रकम एक साथ जमा करनी होगी।
कैसे मिलेगा 10 हजार रुपये का ब्याज
हर महीने 10,000 रुपये ब्याज का मतलब हुआ कि आपको बैंक (Bank) की ओर से साल भर में कुल 1,20,000 रुपये का ब्याज मिलना चाहिए। हमारे देश के कुछ बड़े बैंक जैसे SBI या HDFC की ही बात करें तो ये बैंक अलग-अलग अवधि की एफडी पर 2.75 प्रतिशत से 7.05 प्रतिशत तक ब्याज ऑफर करते हैं। जहां, एक साल की अवधि वाली एफडी पर सामान्य नागरिकों 6.25 प्रतिशत की दर पर ब्याज दिया जाता है और सीनियर सिटिजन के लिए यही ब्याज दर 6.75 प्रतिशत होती है।
आइए जानते हैं कितने प्रतिशत ब्याज पर कितने रुपये जमा करने की जरूरत होगी-
| ब्याज दर | निवेश राशि (लगभग) |
|---|---|
| 6.25% | 21 लाख रुपये |
| 6.65% | 20 लाख रुपये |
| 6.75% | 20 लाख रुपये |
| 6.80% | 19 लाख रुपये |
| 7.15% | 18 लाख रुपये |
| 7.50% | 18 लाख रुपये |
| 8.00% | 17 लाख रुपये |
एफडी के ब्याज पर टैक्स
अगर आप एक साल की एफडी में 6.25-8 प्रतिशत ब्याज दर पर निवेश करते हैं तो आपको 17-21 लाख रुपये जमा करने होंगे। जिसके बाद आप हर महीने 10 हजार रुपये ब्याज के रूप में पा सकेंगे। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि एफडी (Fixed Deposit) के ब्याज पर मिलने वाली आय पूरी तरह कर योग्य (Taxable) होती है और इसे 'अन्य स्रोतों से आय' (Income from Other Sources) के तहत गिना जाता है। यानी बैंक आपको जो ब्याज देगें उस पर टैक्स भी कटेगा। एफडी पर मिले ब्याज पर 10% की टीडीएस लागू होती है। हालांकि, टीडीएस तभी लागू होता है जब आपकी एफडी से अर्जित ब्याज एक वित्त वर्ष में 40,000 रुपये से अधिक हो। वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह सीमा 50,000 रुपये है।
'FD कैलकुलेटर' का कर सकते हैं इस्तेमाल
आप इंटरनेट पर 'FD कैलकुलेटर' का इस्तेमाल कर भी यह देख सकते हैं कि अलग-अलग बैंकों की ब्याज दरों के हिसाब से आपको कितनी रकम मिलेगी। बुजुर्गों के लिए अच्छी बात यह है कि बैंक उन्हे आम लोगो से थोड़ा ज्यादा ब्याज देते हैं, इसलिए उन्हें 10 हजार महीने पाने के लिए थोड़े कम पैसे जमा करने पड़ेंगे।
