बिजनेस

भारत के लिए फिर बढ़ा होर्मुज संकट! तेल और गैस से भरे 9 जहाज फंसे : रिपोर्ट

पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच फिर से झड़पें शुरू हो गई हैं। इसकी वजह से फिर से होर्मुज संकट गहराने लगा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत के 9 जहाज फंसे हैं।

Image

होर्मुज बंद होने का संकट बढ़ा

US-Iran War की वजह से भारत की ऊर्जा सुरक्षा पर फिर खतरा मंडरा रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच फिर से हमले शुरू हो गए हैं। इसकी वजह से फिर से होर्मुज में जहाजों की आवाजाही ठप होने लगी है। इसके अलावा होर्मुज स्ट्रेट में फंसे अलग-अलग जहाजों पर 198 भारतीय नाविक भी मौजूद हैं। Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक Hormuz Crisis को लेकर भारत सरकार अलर्ट मोड में है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ऐलान किया कि ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम खत्म हो गया है। इसके बाद अमेरिका ने ईरान पर हमला भी किया है। ईरान की तरफ से कारोबारी जहाजों पर हमलों के बीच भारत के लिए चिंता बढ़ गई है। क्योंकि, होर्मुज से भारत आ रहे 9 जहाज अटके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इन जहाजों पर 198 भारतीय नाविक सवार हैं। सरकार के लिए इनकी सुरक्षा बड़ी चिंता बन गई है।

फिर बढ़ा खतरा

जून में अमेरिका और ईरान के बीच हुए युद्धविराम के बाद होर्मुज से जहाजों की आवाजाही सामान्य होने लगी थी। लेकिन, हाल के दिनों में ईरान की तरफ से कारोबारी जहाजों पर हुए हमलों और अमेरिका की तरफ से ईरान पर किए गए हमलों के बाद हालात फिर बिगड़ गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत को खत्म करने की बात कही है। नाटो सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने शांति वार्ता को "समय की बर्बादी" करार देते हुए कहा कि अब वे यह डील नहीं करना चाहते हैं।

भारत ईरान से करेगा संपर्क

रिपोर्ट के मुताबिक भारत इन 9 जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए ईरान के साथ संपर्क कर रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि विदेश मंत्रालय ईरान के अधिकारी इस मामले में ईरान के अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं, ताकि भारतीय जहाजों की सुरक्षित वापसी की जा सके।

नाविकों की सुरक्षा बड़ी चिंता

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बार भारत की चिंता सिर्फ जहाजों को सुरक्षित निकालने तक सीमित नहीं है। बल्कि तमाम जहाजों पर तैनात भारतीय नाविकों की सुरक्षा भी बड़ा मुद्दा है। क्योंकि, पिछली झड़पों में ईरान और अमेरिका दोनों ही तरफ से किए गए हमलों में भारतीय नागरिकों की मौत हुई। ऐसे में भारत पूरी एहतियात बरत रहा है।

एक जहाज बीच रास्ते से लौटा

तनाव का असर जहाजों की आवाजाही पर भी साफ दिखाई दे रहा है। भारत के झंडे वाला सुपरटैंकर लिला वडिनार (Lila Vadinar) ओमान के मुसंदम प्रायद्वीप तक पहुंचने के बाद वापस लौट गया। इसे जहाज संचालकों की बढ़ती चिंता का संकेत माना जा रहा है।

बुधवार को भारत सहित कई देशों के लिए रवाना छह जहाजों ने होर्मुज पार करने की कोशिश की, लेकिन कुल मिलाकर आवाजाही अब सामान्य से काफी कम हो गई है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानिया author

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों... और देखें

End of Article