बिजनेस

कितनी उम्र के बाद नहीं मिलता Home Loan, क्या रिटायरमेंट के बाद पूरा हो सकता है घर खरीदने का सपना

Home Loan Eligibility 2026: घर खरीदना हर किसी का सबसे बड़ा सपना होता है, लेकिन क्या बढ़ती उम्र इस सपने के बीच दीवार बन सकती है?

Image

Home Loan (Photo: iStock)

Home Loan Eligibility 2026: आज के समय में अपना घर खरीदना हर व्यक्ति का सपना होता है। लेकिन बढ़ती प्रॉपर्टी कीमतों के कारण ज्यादातर लोग Home Loan का सहारा लेते हैं। ऐसे में एक सवाल अक्सर लोगों के मन में आता है कि आखिर किस उम्र तक Home Loan मिल सकता है और क्या रिटायरमेंट के बाद भी घर खरीदने का सपना पूरा किया जा सकता है। बैंक और वित्तीय संस्थान लोन देते समय उम्र को काफी महत्वपूर्ण मानते हैं, क्योंकि इससे सीधे तौर पर लोन चुकाने की क्षमता जुड़ी होती है।

Home Loan के लिए कितनी होनी चाहिए उम्र

Home Loan

Home Loan (Photo: iStock)

आमतौर पर ज्यादातर बैंक Home Loan के लिए न्यूनतम उम्र 21 साल तय करते हैं। यानी 21 साल से कम उम्र का व्यक्ति होम लोन के लिए आवेदन नहीं कर सकता। वहीं अधिकतम उम्र की बात करें तो यह नौकरी, प्रोफेशन और आय के प्रकार पर निर्भर करती है।

सैलरी पाने वाले कर्मचारियों के लिए नियम यह है कि लोन शुरू होने के समय आवेदक की उम्र 21 साल से अधिक होनी चाहिए और लोन खत्म होने तक उसकी उम्र 65 साल या रिटायरमेंट एज से कम होनी चाहिए। उदाहरण के तौर पर अगर किसी व्यक्ति की उम्र 55 साल है और उसकी रिटायरमेंट उम्र 60 साल है, तो बैंक आमतौर पर उसे केवल 5 साल तक का लोन देने पर विचार करेगा।

डॉक्टर, इंजीनियर जैसे प्रोफेशनल लोगों के लिए भी लगभग यही नियम लागू होते हैं। इन्हें लोन शुरू होने के समय 21 साल से अधिक और लोन पूरा होने तक 65 साल से कम उम्र का होना जरूरी माना जाता है। वहीं बिजनेसमैन और सेल्फ-एम्प्लॉयड लोगों के लिए भी अधिकतम उम्र सीमा सामान्यतः 65 साल तक रखी जाती है।

क्या रिटायरमेंट के बाद मिल सकता है लोन

इसका मतलब यह नहीं है कि रिटायरमेंट के बाद Home Loan मिलना पूरी तरह असंभव हो जाता है। कई बैंक वरिष्ठ नागरिकों को भी लोन देते हैं, लेकिन इसके लिए कुछ अतिरिक्त शर्तें हो सकती हैं। उदाहरण के लिए, बैंक यह देखता है कि व्यक्ति के पास पेंशन, किराया, निवेश या अन्य नियमित आय का स्रोत है या नहीं। अगर आय स्थिर है और repayment capacity अच्छी दिखाई देती है, तो लोन मिलने की संभावना बढ़ सकती है।

PNB Housing Finance के अनुसार Home Loan की मैच्योरिटी तक उम्र 70 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।

केवल उम्र नहीं, दूसरे पहलू भी जरूरी

बैंक Home Loan मंजूर करने से पहले केवल उम्र ही नहीं, बल्कि कई वित्तीय पहलुओं की भी जांच करते हैं। इसमें सबसे अहम आय की स्थिरता है। बैंक यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि उधार लेने वाला व्यक्ति लंबे समय तक नियमित EMI चुका पाए।

इसके अलावा, डेट टू इनकम रेश्यो (debt-to-income ratio) भी महत्वपूर्ण माना जाता है। इसका मतलब है कि आपकी कुल आय के मुकाबले पहले से कितना कर्ज चल रहा है। अगर किसी व्यक्ति पर पहले से ज्यादा लोन है, तो नया Home Loan मिलना मुश्किल हो सकता है।

Credit Score भी Home Loan approval में बड़ी भूमिका निभाता है। अच्छा क्रेडिट स्कोर होने पर बैंक कम ब्याज दर पर लोन देने के लिए ज्यादा तैयार रहते हैं। वहीं खराब स्कोर होने पर ब्याज दर बढ़ सकती है या आवेदन रिजेक्ट भी हो सकता है।

एक्सपर्ट्स की मानें तो Home Loan लेने से पहले इमरजेंसी फंड जरूर तैयार रखना चाहिए। अचानक नौकरी जाने, बीमारी या अन्य आर्थिक समस्याओं की स्थिति में यही बचत EMI चुकाने में मदद कर सकती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article