Home Loan EMI Vs Rent:हर इंसान के लिए घर खरीदना एक सपना होता है। और वह इसके लिए न केवल सेविंग करता है बल्कि लोन का विकल्प चुनता है। लेकिन घर लेते समय फाइनेंशियल प्लानिंग बेहद अहम होती है। क्योंकि लेते समय आपके पास कितना पैसा है, कितना आप लोन लेते हैं, और किस उम्र तक आप लोन चुकाएंगे ये सब-कुछ मायने रखता है। इसलिए कई बार ज्यादा लोन लेकर घर लेना घाटे का सौदा भी बन सकता है। ऐसे में आज हम आपको बता रहे हैं कि कब आपके लिए घर खरीदने का सही टाइम बनेगा और किस वक्त लोन लेकर घर लेने से अच्छा रेंट पर रहना होता है..
होम लोन का समझें गणित
देखिए होम लोन से घर खरीदने से पहले कई बातों का ध्यान रखना बेहद अहम है। असल में आम तौर पर बैंक और होम फाइनेंस कंपनियों से 80 फीसदी रकम लोन के रुप में मिल जाती है। जबकि शेष रकम खुद जुटानी होती है। लेकिन अगर EMI की रकम आपकी जरूरत के घर के रेंट से कहीं ज्यादा है तो यह घाटे का सौदा भी बन सकती है।
मसलन अगर कोई व्यक्ति 3BHK घर के लिए 40 लाख रुपये लोन लेता है और उसे वह 20 साल तक चुकाने का विकल्प चुनता है। तो यह घाटे का सौदा हो सकता है। ऐसा इसलिए है कि उसकी ईएमआई करीब 37 हजार रुपये होगी। और दिल्ली-एनसीआर में आसानी से घर 20-25 हजार के रेंट पर मिल सकता है। यह विकल्प उस समय फाइनेंशियल दिक्कतों को भी खड़ी कर सकता है . जब किसी व्यक्ति ने अपनी इनकम की करीब 40-50 फीसदी राशि हर महीने ईएमआई के रुप में देने का विकल्प चुन लिया है। क्योंकि ऐसा होने से उसे अपनी दूसरी जरुरतों को पूरा करना मुश्किल होगा।
इसके अलावा वह अगले 20 साल में 9.2 फीसदी के रेट पर 47 लाख रुपये ब्याज के रुप में चुकाएगा। यानी वह 40 लाख रुपये के लोन के एवज में 87 लाख रुपये चुकाएगा। और ऐसी संभावना कम है कि 20 साल बाद उस घर की कीमत एक करोड़ रुपये हो जाए। क्योंकि घर की उम्र ज्यादा होने के बाद ज्यादा कीमत मिलने की संभावना अब कम होने लगी है।
50 फीसदी रकम खुद करें इक्ट्ठा
अगर आप घर खरीदना चाहते हैं तो कोशिश करें कि कीमत की 50 फीसदी रकम खुद इक्ठा करें। ऐसा करने से आपको 80 फीसदी की जगह 50 फीसदी रकम पर ही लोन चुकाना होगा। जो कि रेंटल वैल्यू के करीब ही रहेगा। साथ ही आप अपनी दूसरी जिम्मेदारियां भी आसानी से पूरी कर सकेंगे। इसके अलावा कोशिश करें कि कम अवधि का लोन लें। लोन की अवधि ऐसी हो कि आपका होम लोन 50-55 साल की उम्र तक खत्म हो जाए। ऐसा कभी नहीं करें कि रिटायरमेंट की उम्र के समय तक आपको लोन चुकाना पड़े। क्योंकि वह समय सबसे ज्यादा जिम्मेदारियां पूरी करने का होता है।
इसके अलावा एक अहम बात यह है कि अगर आप ज्यादा लोन चुकाने की क्षमता रखते हैं और आपकी उम्र कम है तो यह होम लोन लेने का सबसे अच्छा समय होता है। क्योंकि उस वक्त जिम्मेदारियां कम होती है। और आप बेहद कम्र में EMI फ्री जीवन जी सकेंगे।
