बिजनेस

HDFC Bank ने लॉन्च किए दो नए Savings Account, महिलाओं और सीनियर सिटीजन को मिलेंगे तगड़े फायदे

HDFC Bank ने अपने अलग-अलग श्रेणी के ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दो नए स्पेशल सेविंग्स अकाउंट की सुविधा पेश की है। Savings Max Senior Citizen Account और Savings Max Women's Saving Account नाम से इन दोनों सेविंग अकाउंट को बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट से चेक किया जा सकता है।

Image

HDFC Bank ने पेश किए दो नए स्पेशल सेविंग्स अकाउंट (Photo: iStock)

देश के सबसे बड़े प्राइवेट सेक्टर बैंक HDFC Bank ने अपने ग्राहकों के लिए दो नए स्पेशल सेविंग्स अकाउंट लॉन्च किए हैं। बैंक ने 'Max for Seniors' और 'Max for Her' नाम से नए अकाउंट पेश किए हैं। इन स्पेशल सेविंग अकाउंट का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की अलग-अलग बैंकिंग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा, बेहतर रिटर्न और कई प्रीमियम सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। दोनों अकाउंट बैंक के Savings Max पोर्टफोलियो का हिस्सा हैं।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए 'Max for Seniors'

HDFC Bank का नया Max for Seniors सेविंग्स अकाउंट खास तौर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए तैयार किया गया है। इस अकाउंट के साथ ग्राहकों को कई अतिरिक्त सुविधाएं मिलेंगी, जिनमें डिजिटल फ्रॉड से सुरक्षा के लिए 25,000 रुपये तक का साइबर इंश्योरेंस कवर शामिल है।

Auto Sweep सुविधा का लाभ

इसके अलावा, ग्राहकों को Auto Sweep सुविधा का लाभ मिलेगा। इस फीचर के जरिए सेविंग्स अकाउंट में निर्धारित सीमा से अधिक रकम अपने आप फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में ट्रांसफर हो जाती है, जिससे सामान्य सेविंग्स अकाउंट की तुलना में बेहतर रिटर्न मिलने की संभावना रहती है।

FD पर अतिरिक्त ब्याज और डोरस्टेप बैंकिंग

इस अकाउंट की एक बड़ी खासियत यह है कि वरिष्ठ नागरिकों को फिक्स्ड डिपॉजिट पर अतिरिक्त 0.5% ब्याज का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही बैंक डोरस्टेप बैंकिंग की सुविधा भी देगा, जिससे बुजुर्ग ग्राहकों को बार-बार शाखा जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

कॉम्प्लिमेंट्री एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस

इसके अलावा ग्राहकों को कॉम्प्लिमेंट्री एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, डेबिट कार्ड पर 3.19 करोड़ रुपये तक का पर्सनल एक्सीडेंटल डेथ कवर और पहले वर्ष के लिए डीमैट अकाउंट के वार्षिक रखरखाव शुल्क (AMC) में छूट जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।

HDFC Bank

दो नए सेविंग्स अकाउंट

महिलाओं के लिए 'Max for Her'

महिलाओं के लिए लॉन्च किया गया Max for Her सेविंग्स अकाउंट बैंकिंग के साथ-साथ लाइफस्टाइल और हेल्थ से जुड़े कई अतिरिक्त फायदे देता है। इस अकाउंट के तहत ग्राहकों को लोकप्रिय ब्रांड्स के लाइफस्टाइल वाउचर, कॉम्प्लिमेंट्री हेल्थ चेक-अप, एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस और Auto Sweep सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके अलावा डेबिट कार्ड पर 3.19 करोड़ रुपये तक का पर्सनल एक्सीडेंटल डेथ कवर, अकाउंट पर 10 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा और लॉकर चार्ज पर 50% तक की छूट भी दी जाएगी।

किन लोगों के लिए हो सकते हैं फायदेमंद?

अगर आप वरिष्ठ नागरिक हैं और नियमित बैंकिंग के साथ बेहतर एफडी रिटर्न, डोरस्टेप सेवा तथा अतिरिक्त बीमा कवर चाहते हैं, तो Max for Seniors उपयोगी विकल्प हो सकता है। वहीं, अगर आप एक महिला ग्राहक हैं और बैंकिंग के साथ हेल्थ, ट्रैवल और लाइफस्टाइल से जुड़े अतिरिक्त लाभ चाहती हैं, तो Max for Her आपके लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। हालांकि, खाता खोलने से पहले न्यूनतम बैलेंस, पात्रता, शुल्क और सभी नियम-शर्तों की जानकारी बैंक से ले सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article