बिजनेस

Groww IPO: ग्रे मार्केट प्राइस से कम कीमत पर होगा लॉन्‍च इस फिनटेक कंपनी का आईपीओ, 7000 करोड़ जुटाने की है तैयारी

अगर आप शेयर बाजार और निवेश की दुनिया से जुड़े हैं, तो Groww IPO आपके लिए बड़ी खबर है। देश के सबसे लोकप्रिय ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म्स में से एक Groww अब पब्लिक होने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Groww इस इश्यू के ज़रिए करीब ₹7,000 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है। ऐसे में आइए जानते हैं इसका प्राइस बैंड कितना होगा?

Image

Groww IPO

अगर आप भी आईपीओ से कमाई करते हैं और किसी बड़े जैकपॉट के हाथ लगने का इंतजार कर रहे हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है. दरअसल, फिनटेक की दुनिया में तेजी से नाम कमाने वाली कंपनी Groww अब शेयर बाजार में कदम रखने जा रही है। ऑनलाइन निवेश प्लेटफॉर्म Groww की पैरेंट कंपनी Billionbrains Garage Ventures Limited ने अपने काफी समय से चर्चा में रहे आईपीओ (IPO) की तैयारी लगभग पूरी कर ली है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इस इश्यू के ज़रिए करीब ₹7,000 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है। खास बात यह है कि कंपनी अपना आईपीओ ग्रे मार्केट प्राइस से सस्ती दर पर लॉन्च करने जा रही है, ताकि आम निवेशकों को इससे फायदा मिल सके।

कितना होगा प्राइस बैंड?

मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के अनुसार, Groww IPO का प्राइस बैंड ₹95 से ₹100 प्रति शेयर के बीच तय किया गया है। इस हिसाब से कंपनी की वैल्यूएशन करीब ₹68,000 करोड़ (लगभग 8 अरब डॉलर) होगी। यह वैल्यूएशन इसके लिस्टेड प्रतिद्वंद्वी Angel One से भी ज्यादा है, जो इसे और खास बनाती है।

इतना कम क्यों है प्राइस बैंड?

अब सवाल उठता है कि कंपनी ने प्राइस बैंड कम क्यों रखा है? सूत्रों का कहना है कि Groww का यह फैसला एक सोच-समझी रणनीति का हिस्सा है। वर्तमान में कंपनी का शेयर अनलिस्टेड मार्केट में करीब ₹128 (29 अक्टूबर तक) पर ट्रेड कर रहा है। यानी, आईपीओ प्राइस बैंड को जानबूझकर ग्रे मार्केट रेट से कम रखा गया है, ताकि नए निवेशकों खासकर रिटेल सेगमेंट को बेहतर रिटर्न का मौका मिल सके। इसके अलावा, कंपनी चाहती है कि उसके मौजूदा यूज़र्स भी अब शेयरहोल्डर बनें और कंपनी की ग्रोथ जर्नी का हिस्सा बनें।

आईपीओ की डिटेल

इस आईपीओ में ऑफर फॉर सेल (OFS) और फ्रेश इश्यू दोनों शामिल होंगे। नए शेयरों के जरिए कंपनी लगभग ₹1,060 करोड़ की नई पूंजी जुटाएगी। वहीं, पुराने निवेशक जैसे Peak XV Partners, Ribbit Capital, Y Combinator और Tiger Global अपनी कुछ हिस्सेदारी बेचने वाले हैं।

फिलहाल Groww भारत के सबसे लोकप्रिय डिजिटल निवेश प्लेटफॉर्म्स में से एक है। कंपनी के पास करीब 1.4 करोड़ से ज्यादा एक्टिव रिटेल इन्वेस्टर्स हैं और यह स्टॉक ब्रोकिंग तथा म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूशन दोनों में मार्केट लीडर मानी जाती है। कंपनी की शुरुआत 2016 में फ्लिपकार्ट के चार पूर्व कर्मचारियों ललित केशरे, हर्ष जैन, ईशान बंसल और नीरज सिंह ने की थी।

कुल मिलाकर, Groww का IPO आने वाले समय में निवेशकों के लिए एक बड़ा मौका साबित हो सकता है, खासकर इसलिए क्योंकि इसे आकर्षक कीमत पर लॉन्च किया जा रहा है। अगर कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहता है, तो रिटेल निवेशकों को इससे अच्छी लिस्टिंग गेन की उम्मीद हो सकती है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article