Gold and Silver Rate Today, 20 December 2022: अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की चिंता और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में गिरावट के बीच मंगलवार को सोने और चांदी की कीमत में तेजी दर्ज की गई। हालांकि ग्लोबल मार्केट में ये कीमती धातुएं सस्ती हुई हैं। पिछले हफ्ते ही यूएस फेड रिजर्व के चेयर जेरोम पॉवेल ने कहा था कि यूएस सेंट्रल बैंक अगले साल भी महंगाई को रोकने के लिए ब्याज दरों में और बढ़ोतरी करेगा। इसके साथ ही अन्य प्रमुख केंद्रीय बैंकों ने भी इसी तरह के रुख पर प्रकाश डाला है। आइए जानते हैं भारत और ग्लोबल मार्केट में गोल्ड और सिल्वर की कितनी कीमत है।
देश में इतनी हुई गोल्ड- सिल्वर की कीमत
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना वायदा 0.28 फीसदी या 154 रुपये बढ़कर 54,414 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। जबकि चांदी वायदा 0.29 फीसदी या 187 रुपये बढ़कर 67,699 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (Indian Bullion and Jewellers Association) के अनुसार, सोमवार को हाजिर बाजार में सबसे ज्यादा शुद्धता वाला सोना 54,248 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिका, जबकि चांदी की कीमत 66,898 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
ग्लोबल मार्केट में कितना है कीमती धातुओं का दाम?
ग्लोबल मार्केट में सभी कीमती धातुओं का दाम कम हुआ है। सोना 0.21 फीसदी गिरकर 1797 डॉलर पर पहुंच गया। चांदी की कीमत 0.70 फीसदी सस्ती होकर 23.17 डॉलर पर पहुंच गई। कॉपर 0.01 फीसदी की मामूली गिरावट के बाद 376 डॉलर पर आ गया। इसी तरह जिंक 4.49 फीसदी लुढ़ककर 3018 डॉलर पर आ गया और एल्युमिनियम 0.38 फीसदी नीचे 2375 डॉलर पर आ गया।
घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली के बीच मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 11 पैसे कमजोर हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया कमजोरी के साथ 82.69 प्रति डॉलर के स्तर पर खुला था। जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यानी सोमवार को रुपया 13 पैसे टूटकर 82.62 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
