Gold and Silver Rate Today, 13 December 2022: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में उतार- चढ़ाव के बीच मंगलवार को सोने की कीमत में तेजी आई। हालांकि गोल्ड और सिल्वर की कीमत में सीमित दायरे में बढ़ोतरी हुई क्योंकि अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। मालूम हो कि निवेशकों को यूएस सेंट्रल बैंक की बैठक के फैसलों का इंतजार है, जो कि आज और कल होनी है। एमसीएक्स पर सोना वायदा (Gold futures on MCX) 0.12 फीसदी या 65 रुपये बढ़कर 54,197 रुपये प्रति 10 ग्राम पर मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। इसी तरह चांदी वायदा (Silver Futures) 0.56 फीसदी या 381 रुपये बढ़कर 68,167 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
तीन हफ्तों में इतना महंगा हुआ गोल्ड-सिल्वर
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (Indian Bullion and Jewellers Association) के मुताबिक, हाजिर बाजार में सोमवार को सबसे ज्यादा शुद्धता वाला सोना 53,908 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिका, जबकि चांदी की कीमत 67,022 रुपये प्रति किलोग्राम थी। पिछले तीन हफ्तों में सोने की हाजिर कीमत में करीब 1,500 रुपये प्रति 10 ग्राम का उछाल दर्ज किया गया है, जबकि इसी अवधि के दौरान चांदी की कीमत में 6,600 रुपये प्रति किलोग्राम से भी ज्यादा की तेजी आई थी।
डॉलर के मुकाबले फिसला रुपया
डोमेस्टिक कैपिटल मार्केट से विदेशी कोष की लगातार निकासी के बीच आज शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर की तुलना में भारतीय रुपया 20 पैसे गिरकर 82.71 के स्तर पर पहुंच गया। आज अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनियम बाजार में रुपया 82.63 के स्तर पर खुला और फिर गिरावट के साथ 82.71 के स्तर पर आ गया। पिछले कारोबारी सत्र में यानी सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 23 पैसे टूटकर 82.51 के स्तर पर बंद हुआ था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.99 फीसदी फिसलकर 1793 डॉलर पर पहुंच गया। चांदी 0.89 फीसदी नीचे 23.51 डॉलर पर आ गई। कॉपर का दाम1.86 फीसदी गिरकर 381 डॉलर पर पहुंच गया।एल्युमिनियम भी सस्ता होकर 2481 डॉलर पर पहुंच गया।
