Gold and Silver Rate Today, 16 December 2022: शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमत में थोड़ा बदलाव देखने को मिला है। आज मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना वायदा 0.09 फीसदी या 50 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 54,057 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह चांदी की वायदा कीमत में भी थोड़ी गिरावट देखने को मिली है। यह 0.36 फीसदी या 244 रुपये की गिरावट के साथ 67,574 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, हाजिर बाजार में पिछले सत्र में यानी गुरुवार को सबसे ज्यादा शुद्धता वाला सोना 53,894 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिका था। वहीं चांदी की कीमत 66,568 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी। मालूम हो कि दो सत्रों के बाद सोने की हाजिर कीमत 54,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे आ गई है। वहीं चांदी सिर्फ एक ही कारोबारी सत्र में 1,100 रुपये प्रति किलोग्राम तक गिर गई है।
वैश्विक बाजार में इतना है दाम
ग्लोबल मार्केट की बात करें, तो हाजिर सोना 0.2 फीसदी बढ़कर 1,780.63 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। लेकिन इस हफ्ते अब तक यह लगभग 1 फीसदी नीचे है। अमेरिकी सोना वायदा 0.1 फीसदी बढ़कर 1,789.40 डॉलर के स्तर पर था। हाजिर चांदी 0.2 फीसदी ऊपर 23.09 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। प्लेटिनम 0.5 फीसदी बढ़कर 1,011.63 डॉलर हो गया और पैलेडियम 1.1 फीसदी बढ़कर 1,810.51 डॉलर पर पहुंच गया।
भारत में सोने की कीमत डॉलर की तुलना में इंडियन करेंसी में बढ़त या गिरावट, इसके आयात एवं निर्यात और डिमांड से प्रभावित होती है। गोल्ड पर टैक्स भी लगाया जाता है। देश में अब गोल्ड हॉलमार्किंग अनिवार्य हो गई है। ज्वैलर्स सिर्फ हॉलमार्किंग वाला सोना ही बेच सकते हैं। देश में हो रही धोखाधड़ी को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
