बिजनेस

Real Estate: मुंबई में लक्जरी घरों की बढ़ी डिमांड,महंगे घरों की बिक्री में 8% का इजाफा

Real Estate News: लगता है लोगों की आय में बढ़ोतरी हो रही है क्योंकि एक रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई में लक्जरी घरों की डिमांड में बढ़ोतरी हो गई है। इस साल की पहली छमाही में महंगे घरों की मांग में 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

Image

महंगे घरों की डिमांड बढ़ी

Photo : BCCL

Real Estate News: मुंबई में 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाले लक्जरी घरों की मांग चालू साल की पहली छमाही (जनवरी-जून) में आठ प्रतिशत बढ़कर करीब 12,300 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। गुरुवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक 10 करोड़ रुपये और उससे अधिक दाम वाले लक्जरी घरों की मांग जनवरी-जून, 2024 में मजबूत बनी रही। पिछले साल की पहली छमाही में बिक्री 11,400 करोड़ रुपये रही थी।

रिपोर्ट कहती है कि बाजार के शीर्ष खंड में दिख रहा उछाल आवासीय बाजार में समग्र रूप से जारी तेजी के अनुरूप है और यह भारतीय अर्थव्यवस्था में उत्साह और भरोसे को दर्शाता है। लक्जरी घरों की खरीद-बिक्री से जुड़ी सलाहकार फर्म इंडिया सोथबी इंटरनेशनल रियल्टी और आंकड़ा विश्लेषक फर्म सीआरई मैट्रिक्स ने इस साल की पहली छमाही के लिए मुंबई के लक्जरी आवासीय बाजार पर यह रिपोर्ट जारी की। इसमें नए एवं पुराने घरों की बिक्री दोनों के आंकड़े शामिल हैं।

कुल बिक्री में से प्राथमिक लक्जरी खंड में 8,752 करोड़ रुपये की बिक्री हुई, जबकि पुराने घर की बिक्री में 3,500 करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड लेनदेन हुआ, जो 2023 की पहली छमाही की तुलना में 38 प्रतिशत अधिक है। इसमें अनिल गुप्ता और पॉलिएस्टर लिमिटेड ने मालाबार हिल के लोढ़ा मालाबार में 270 करोड़ रुपये का सौदा उल्लेखनीय रहा। इसके अलावा रेखा झुनझुनवाला एवं परिवार ने मालाबार हिल के रॉकसाइड अपार्टमेंट में 156.5 करोड़ रुपये में एक घर खरीदा। (इनपुट भाषा)

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article