DA Hike 2026 : देशभर में तमाम सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए महंगाई भत्ता वेतन का बड़ा हिस्सा होता है। कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता यानी Dearness Allowance (DA) और पेंशनरों के लिए महंगाई राहत यानी Dearness Relief (DR) को लेकर 2026 में कई राज्यों ने बड़े फैसले किए हैं। महंगाई के असर को कम करने के लिए मिलने वाला DA आम तौर पर साल में दो बार रिवाइज होता है।
केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए अप्रैल 2026 में DA को 58% से बढ़ाकर 60% कर दिया था, जो 1 जनवरी, 2026 से प्रभावी है। इस फैसले से करीब 50.46 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 68.27 लाख पेंशनर लाभान्वित हुए। इसके बाद कई राज्यों ने भी अपने कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए DA-DR बढ़ाया है। कुछ राज्यों ने पुराने एरियर के भुगतान का भी ऐलान किया है।
किस राज्य ने की सबसे ज्यादा बढ़ोतरी?
2026 में अब तक सबसे ज्यादा DA बढ़ोतरी वेस्ट बंगाल (West Bengal) ने की है। राज्य सरकार ने DA में 20 परसेंट पॉइंट की बढ़ोतरी करते हुए इसे 38% कर दिया है, जो 1 अक्टूबर, 2026 से लागू होगी। वहीं, त्रिपुरा में 5 फीसदी अंक, आंध्र प्रदेश में कुल 4.55 फीसद अंक और ज्यादातर राज्यों में 2 फीसदी अंक की बढ़ोतरी हुई है।
पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा क्यों?
पश्चिम बंगाल में बढ़ोतरी बड़ी दिखने की एक अहम वजह यह है कि राज्य का DA लंबे समय से केंद्रीय DA से काफी पीछे चल रहा था। 2025 में पश्चिम बंगाल का DA 18% तक ही पहुंचा था, जबकि केंद्र का DA इससे काफी ऊपर था। राज्य सरकार ने एक साथ 20 फीसदी अंक की एकमुश्त बढ़ोतरी करके DA को 1 अक्टूबर, 2026 से 38% करने का फैसला किया है। इससे राज्य और केंद्र के DA से अंतर कुछ कम हुआ। इसी तरह आंध्र प्रदेश में भी लंबित DA का रिविजन किया गया, जिसके चलते 4 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है।
कितने राज्यों में 60% हुआ DA?
2026 में अब तक 12 राज्य/UT ऐसे हैं, जहां 7th Pay Commission के तहत DA 58% से बढ़ाकर 60% कर दिया गया है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, गुजरात, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं। यानी इन राज्यों के कर्मचारियों और संबंधित पेंशनरों को 1 जनवरी 2026 से DA/DR में 2 फीसदी अंक की बढ़ोतरी का लाभ मिला है।
|
बिहार में 483% तक पहुंचा DA/DR
बिहार में अलग-अलग पे कमीशन के कर्मचारियों के लिए अलग DA रिविजन किया गया है। 6th CPC वाले कर्मचारियों के लिए DA 257% से 262%, 5th CPC वालों के लिए 474% से 483% और 7th CPC कर्मचारियों के लिए 58% से 60% किया गया है।
क्या होता है DA/DR बढ़ने का असर?
DA सीधे कर्मचारियों के बेसिक पे से जुड़ा होता है। DA बढ़ने से मासिक वेतन बढ़ता है और इसका असर पेंशन सहित कई और भत्तों पर भी पड़ता है। इसी वजह से कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजर अब अगले केंद्रीय DA रिविजन पर है। वहीं, 8th Central Pay Commission के तहत भी सैलरी और पेंशन स्ट्रक्चर की समीक्षा चल रही है।
