बिजनेस

अप्रैल में Crude Oil का आयात 4 फीसदी से ज्यादा घटा, फिर भी 50% बढ़ गया इम्पोर्ट बिल

भारत में सालाना आधार पर अप्रैल में क्रूड ऑयल के आयात में 4 फीसदी से ज्यादा की कमी आई है। लेकिन, इसके बाद भी सालाना आधार पर क्रूड ऑयल आयात करने का बिल 50% तक बढ़ गया है।

Image

क्रूड के आयात में कमी, फिर भी बढ़ गया बिल

Crude Oil Price Impact on India : पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के युद्ध की वजह से ग्लोबल ऑयल सप्लाई को लगे झटकों का असर गहरा होता जा रहा है। अप्रैल 2026 में सालाना आधार पर भारत का कच्चे तेल का आयात 4 फीसदी से ज्यादा घटा है। लेकिन, इसके बाद भी कुल आयात बिल 50% से ज्यादा बढ़ गया है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह कच्चे तेल के दाम में आई बेहिसाब तेजी है। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के चलते और होर्मुज (Hormuz) स्ट्रेट से क्रूड ऑयल के साथ ही LPG और LNG की सप्लाई भी बाधित हुई है, जिसका असर भी बाजार पर व्यापक रूप से दिखाई दे रहा है।

आयात घटा लेकिन बिल बढ़ा

केंद्र सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय के पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल (PPAC) के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल 2026 में भारत ने 20.1 मिलियन टन (MT) क्रूड ऑयल का आयात किया। जबकि, पिछले साल अप्रैल में भारत ने 21 MT के आयात किया था। इस तरह सालाना आधार (Y-o-Y) पर देखा जाए, तो आयात में 4.3% की कमी आई है। लेकिन, क्रूड ऑयल के दाम में आए उछाल की वजह क्रूड इम्पोर्ट का बिल 50% से ज्यादा बढ़ गया है। विदेश व्यापार के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल में क्रूड के आयात का बिल करीब 16.3 अरब डॉलर पहुंच गया। जबकि, एक साल पहले यह करीब 10.7 अरब डॉलर रहा था। इस तरह एक साल में करीब 52% का उछाल आया है।

70% तक उछला कच्चे तेल का दाम

अप्रैल 2025 की तुलना में अप्रैल 2026 के बीच इंडियन क्रूड बास्केट की औसत कीमत में 70 फीसदी से ज्यादा का उछाल आया है। पिछले साल जहां इंडियन बास्केट में क्रूड की औसत कीमत 67.72 डॉलर प्रति बैरल रही। वहीं, 2026 में यह बढ़कर 114.48 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई।

LPG का घरेलू उत्पादन बढ़ा

होर्मुज स्ट्रेट बंद होने की वजह से सिर्फ क्रूड की सप्लाई बाधित नहीं हुई है। बल्कि, LPG सप्लाई भी प्रभावित हुई है। हालांकि, भारत की रिफाइनरियों ने LPG के घरेलू उत्पादन को तेजी से बढ़ाया है। अप्रैल 2025 में जहां भारत में 10 लाख टन LPG उत्पादन हुआ। वहीं अप्रैल 2026 में यह बढ़कर 13 लाख टन पहुंच गया। यानी करीब 30% की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही देश में LPG खपत घटी है। यह पिछले साल अप्रैल में 2.5 MT थी, जो इस साल घटकर 2.2 MT रह गई।

LNG आयात में भी भारी गिरावट

क्रूड के साथ ही देश में CNG और घरेलू PNG के लिए इस्तेमाल होने वाली LNG का आयात भी घटा है। पिछले वर्ष अप्रैल की तुलना में 2026 में आयात में करीब 30% की कमी आई है। अप्रैल 2025 में जहां भारत ने 2,778 mmscm LNG आयात किया था। वहीं इस साल यह घटकर 1,954 mmscm रह गया। इसके अलावा घरेलू गैस उत्पादन भी 2,908 mmscm से घटकर 2,787 mmscm पर आ गया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानिया author

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों... और देखें

End of Article