बिजनेस

Business Bulletin:अब लिंक्डइन में भी छंटनी, फिच ने भारत की रेटिंग 'BBB-'बरकरार रखी, जानें टॉप न्यूज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 9, 2023, 03:12 PM IST

Business Bulletin: किआ इंडिया ने देश में अपनी सबसे सस्ती सॉनेट कॉम्पैक्ट एसयूवी का ओराक्स एडिशन लॉन्च किया है। इसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 11.85 लाख रुपये रखी गई है। नए मॉडल को कई कॉस्मैटिक बदलावों के साथ पेश किया गया है।

Image

आज की टॉप बिजनेस न्यूज

Photo : iStock

Business Bulletin:गूगल,फेसबुक के बाद अब लिंक्डइन (LinkedIn) ने भी छंटनी का ऐलान कर दिया है। लिंक्डइन जिसकी पैरेंट कंपनी माइक्रोसॉफ्ट कॉर्प (Microsoft Corp) है, ने कहा है कि वह 716 नौकरियों की कटौती करेगी। फिच रेटिंग्स ने मंगलवार को भारत की सॉवरेन रेटिंग के आउटलुक को स्थिर बताते हुए कहा कि देश में मजबूत ग्रोथ का माहौल है। किआ इंडिया ने देश में अपनी सबसे सस्ती सॉनेट कॉम्पैक्ट एसयूवी का ओराक्स एडिशन लॉन्च किया है। केंद्र सरकार ने सेब (Apple) के आयात पर सख्ती कर दी है। अब 50 रुपये प्रति किलो से कम कीमत वाले सेब के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। आइए जानते हैं आज की टॉप बिजनेस न्यूज..

गूगल (Google) और फेसबुक (Facebook) के बाद अब लिंक्डइन (LinkedIn) ने भी छंटनी का ऐलान कर दिया है। लिंक्डइन (LinkedIn), जिसकी पैरेंट कंपनी माइक्रोसॉफ्ट कॉर्प (Microsoft Corp) है, ने कहा है कि वह 716 नौकरियों की कटौती करेगी। मांग में अस्थिरता के चलते कंपनी ने ये फैसला किया है।लिंक्डइन ने अपने चीन-केंद्रित जॉब एप्लिकेशन को भी बंद करने का ऐलान किया है।

भारतीय इकोनॉमी के लिए अच्छी खबर हैं। फिच रेटिंग्स ने मंगलवार को भारत की सॉवरेन रेटिंग के आउटलुक को स्थिर बताते हुए कहा कि देश में मजबूत ग्रोथ का माहौल है।इसे देखते हुए फिच ने भारत की सॉवरेन रेटिंग BBB-' रेटिंग बरकरार रखी है। फिच ने रिपोर्ट में कहा है कि भारत की तेज ग्रोथ इसके समकक्ष देशों की तुलना में बेहतर स्थिति में है। पिछले एक साल में बड़े ग्लोबल झटकों को भारत ने आसानी से मैनेज कर लिया है। इसके साथ भी फिच ने ऊंचे राजकोषीय घाटे को लेकर चेताया भी है।

किआ इंडिया ने देश में अपनी सबसे सस्ती सॉनेट कॉम्पैक्ट एसयूवी का ओराक्स एडिशन लॉन्च किया है जो दिखने में काफी खूबसूरत है। किआ सॉनेट ओराक्स इस कार के एचजीएक्स वेरिएंट पर आधारित है और इसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 11.85 लाख रुपये रखी गई है। नए मॉडल को कई कॉस्मैटिक बदलावों के साथ पेश किया गया है जिसमें ओराक्स फ्रंट के अलावा टेंजेरीन फिनश वाली अगली और पिछली स्किड प्लेट्स शामिल हैं। इस एडिशन में इलेक्ट्रिक सनरूफ किआ सिग्नेचर टाइगर नोज ग्रिल भी मिले हैं।

केंद्र सरकार ने सेब (Apple) के आयात पर सख्ती कर दी है। अब 50 रुपये प्रति किलो से कम कीमत वाले सेब के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस फैसले का फायदा देश के किसानों को मिलेगा। खास तौर से हिमाचल और जम्मू और कश्मीर के सेब किसान इसका फायदा उठा सकेंगे। लंबे समय से किसान सेब के आयात पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि बाहर से सेब मंगाने की वजह से घरेलू दाम प्रभावित होते हैं, जिसका नुकसान उन्हें होता है। सोमवार को किए गए इस फैसले का असर भूटान पर नहीं पड़ेगा। क्योंकि सरकार ने आयात का प्रतिबंध भूटान से आने वाले सेब पर नहीं लगाया है।

जून 2023 से उत्तर प्रदेश सरकार के कर्मचारियों को बढ़ी हुई तनख्वाह मिल सकती है। ऐसा इसलिए, क्योंकि सूबे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को जून में दी जाने वाली मई की सैलरी के साथ चार प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) मुहैया कराने की तैयारी में है। संभावित इजाफे के बाद कर्मचारियों को मिलने वाला डीए 42 प्रतिशत हो जाएगा, जबकि मौजूदा समय में यह 38 फीसदी है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article