2000 Rupee Note Big Update: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को ₹2000 के नोट को लेकर एक नया अपडेट जारी किया है। दो साल पहले चलन से हटाए जाने के बाद भी अब तक ₹6,017 करोड़ मूल्य के ₹2000 के नोट बाजार में मौजूद हैं। हालांकि ये नोट अब भी वैध मुद्रा (Legal Tender) हैं, यानी इनका इस्तेमाल किया जा सकता है। आइए समझते हैं कि अब तक कितने नोट वापस आ चुके हैं, कितने बचे हैं और आम लोग इन्हें कैसे जमा कर सकते हैं।
अब तक कितना वापस आया और कितना बाकी है?
RBI के मुताबिक, 19 मई 2023 को जब ₹2000 के नोट को चलन से हटाने का फैसला लिया गया था, उस समय कुल ₹3.56 लाख करोड़ मूल्य के नोट सर्कुलेशन में थे। लेकिन 31 जुलाई 2025 तक ये घटकर ₹6,017 करोड़ रह गए हैं। यानी लगभग 98.31% नोट वापस आ चुके हैं, और सिर्फ 1.69% नोट अब तक नहीं लौटे हैं।
क्या अभी ₹2000 का नोट चल सकता है?
हां, ₹2000 का नोट अभी भी वैध है। RBI ने साफ किया है कि भले ही नोट चलन से हटाए गए हों, लेकिन जिनके पास अब भी ये नोट हैं, वे इन्हें बैंक खाते में जमा कर सकते हैं या बदलवा सकते हैं।
कहां और कैसे जमा करें ₹2000 के नोट?
अगर आपके पास अभी भी ₹2000 के नोट हैं, तो आप इन्हें RBI के 19 निर्गम कार्यालयों में जमा करवा सकते हैं। इन कार्यालयों में जमा करने के दो तरीके हैं:
1. सीधे जाकर बैंक खाते में जमा करना – कोई भी व्यक्ति या संस्था RBI कार्यालय में जाकर अपने खाते में ₹2000 के नोट जमा करवा सकती है।
2. डाक के जरिए भेजना – लोग भारत के किसी भी डाकघर से भारतीय डाक सेवा के ज़रिए अपने ₹2000 के नोट RBI को भेजकर बैंक खाते में जमा करवा सकते हैं।
RBI के निर्गम कार्यालय अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना, तिरुवनंतपुरम इन शहरों में हैं।
₹2000 का नोट आया क्यों था?
₹2000 का नोट नवंबर 2016 में तब जारी किया गया था जब सरकार ने ₹500 और ₹1000 के पुराने नोटों को बंद कर दिया था। इसका मकसद था मुद्रा की तत्काल ज़रूरत को पूरा करना। लेकिन 2018-19 में जब बाकी मूल्यवर्ग के नोट (₹500, ₹200 आदि) पर्याप्त मात्रा में आ गए, तो ₹2000 के नोट की छपाई बंद कर दी गई। RBI के मुताबिक, ये नोट अब अपनी अनुमानित उम्र (4–5 साल) के अंत तक पहुंच चुके हैं और लेन-देन में भी बहुत कम इस्तेमाल हो रहे हैं।
