बिजनेस

आज से बदल जाएंगे ये नियम, आम आदमी की जेब पर पड़ेगा सीधा असर

दिसंबर महीने की शुरुआत आज से हो गई है, और हर महीने की तरह इस बार भी कई अहम नियम बदलेंगे। ये बदलाव आपकी जेब, बैंकिंग सेवाओं, गैस सिलेंडर की कीमतों, टैक्स से जुड़े कामों और रोजमर्रा की सुविधाओं पर सीधे असर डाल सकते हैं। इसलिए पहले से इन अपडेट्स की जानकारी होना आपके लिए काफी फायदेमंद साबित होगा।

1 December Rules Changing

हर महीने की शुरुआत के साथ कई नियमों में बदलाव होता है, जो सीधे आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जरूरतों पर असर डालते हैं। नवंबर खत्म हो चुका है और अब 1 दिसंबर 2025 से कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू होने जा रहे हैं। ये बदलाव गैस सिलेंडर की कीमतों से लेकर बैंकिंग नियमों और पेंशनर्स की सुविधाओं तक से जुड़े हैं। अगर आप पहले से इन अपडेट्स की जानकारी रखेंगे तो न सिर्फ पैसों की बचत होगी बल्कि किसी तरह की परेशानी से भी बच पाएंगे। आइए जानते हैं दिसंबर की शुरुआत से क्या-क्या बदलने वाला है।

1. CNG और PNG की कीमतों में बदलाव

हर महीने की तरह इस बार भी 1 दिसंबर को CNG और PNG की कीमतों की समीक्षा होगी। ऑयल और गैस कंपनियाँ अंतरराष्ट्रीय बाजार के भाव के आधार पर कीमतें बढ़ाती या घटाती हैं। अगर दाम बढ़ते हैं तो CNG से चलने वाले वाहन महंगे पड़ेंगे और PNG से जुड़ा घरेलू गैस बिल भी बढ़ सकता है। वहीं कीमतें कम होने पर थोड़ी राहत मिल सकती है। इसलिए दिसंबर की शुरुआत में होने वाली इस कीमत बदलने की प्रक्रिया का असर सीधा आपके बजट पर दिखाई देगा।

2. LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव

हर महीने LPG सिलेंडर की कीमतें भी अपडेट होती हैं। इसमें घरेलू (14.2 KG) और कमर्शियल (19 KG) दोनों सिलेंडर शामिल होते हैं। नवंबर में इंडियन ऑयल ने दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर के दाम 5 रुपये कम किए थे। अब 1 दिसंबर को फिर नई कीमतें घोषित होंगी। घरेलू LPG की कीमतें भी बढ़ या घट सकती हैं। चूंकि LPG हर घर की जरूरत है, इसलिए इसके दामों में होने वाला बदलाव आपकी किचन के मासिक बजट पर बड़ा असर डाल सकता है।

ये भी पढ़ें: इन 10 ट्रांजेक्शन पर इनकम टैक्स रहता है कड़ी नजर, भूलकर भी न करें ये गलतियां

3. पेंशनर्स के लिए लाइफ सर्टिफिकेट की अंतिम तारीख

दिसंबर का महीना पेंशन पाने वाले बुजुर्गों के लिए बेहद जरूरी है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि हर पेंशनर को 30 नवंबर तक जीवन प्रमाण पत्र यानी Life Certificate जमा करना अनिवार्य है। समय पर प्रमाण पत्र न जमा होने पर जनवरी 2026 से पेंशन रोक दी जाएगी। अच्छी बात यह है कि अब बैंक या पोस्ट ऑफिस जाने की जरूरत नहीं है। फेस ऑथेंटिकेशन, मोबाइल ऐप या आधार OTP के माध्यम से घर बैठे 2 मिनट में ऑनलाइन Life Certificate जमा किया जा सकता है। इससे बुजुर्गों को काफी सुविधा मिलती है।

4. डिजिटल बैंकिंग और कार्ड नियमों में बदलाव

1 दिसंबर से कई बैंक और वित्तीय संस्थान नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI और कार्ड से जुड़े अपने नियमों में बदलाव करने जा रहे हैं। इन बदलावों में सुरक्षा फीचर्स, ट्रांजैक्शन लिमिट, कार्ड पर लगने वाली फीस, ATM ट्रांजैक्शन चार्ज और फॉरेक्स कार्ड के नियम शामिल हो सकते हैं। कुछ बदलावों से आपको अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है, जबकि कुछ मामलों में राहत भी मिल सकती है। इसलिए यह जरूरी है कि बैंक से आने वाले सभी SMS और ईमेल अपडेट को ध्यान से पढ़ें, ताकि किसी भी नए नियम से अनजान न रहें और लेनदेन में दिक्कत न हो।

5. Income Tax से जुड़े जरूरी काम की डेडलाइन

आयकर विभाग के कुछ महत्वपूर्ण फॉर्म और TDS जमा करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर है। इसमें धारा 194-IA, 194-IB, 194M और 194S के तहत किए गए TDS की जमा प्रक्रिया शामिल है। यदि आपका काम ट्रांसफर प्राइसिंग से जुड़ा है, तो धारा 92E की रिपोर्ट भी समय पर फाइल करनी जरूरी है। अंतिम तारीख चूकने पर जुर्माना और ब्याज दोनों लग सकते हैं। इसलिए टैक्स से जुड़े कामों को नवंबर के भीतर पूरा करना ही बेहतर है।

ये भी पढ़ें: LPG Cylinder Price Cut: खुशखबरी! 1 दिसंबर से सस्ता हुआ गैस सिलेंडर, जानिए आपके शहर में नया रेट

6. दिसंबर में 18 दिन बैंक रहेंगे बंद

दिसंबर महीने में रविवार, दूसरे व चौथे शनिवार और अलग-अलग राज्यों में पड़ने वाले त्योहारों को मिलाकर लगभग 18 दिन बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में चेक क्लियरेंस, कैश निकासी, डिपॉज़िट, डीमैट या लोन से जुड़े किसी भी काम की योजना छुट्टियों को ध्यान में रखकर ही बनाएं। हॉलिडे कैलेंडर देखकर पहले से तैयारी कर लेने पर आपका कोई जरूरी काम बीच में अटकने से बच जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिजनेस (Business News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

लेटेस्ट न्यूज

रिचा त्रिपाठी
रिचा त्रिपाठी Author

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिच... और देखें

End of Article