शेयर बाजार में मंगलवार को आज लगातार तीसरे दिन गिरावट रही। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में, 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 313.70 अंक यानी 0.37 प्रतिशत टूटकर 84,587.01 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 में 74.70 अंक की गिरावट रही। निफ्टी 25,884.80 अंक पर बंद हुआ। आपको बता दें कि शुक्रवार से अब तक 3 कारोबारी दिन में निफ्टी 307 अंक यानी एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। इस दौरान सेंसेक्स 1,045 अंक यानी 1.2 प्रतिशत लुढ़का है। मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी के बीच आईटी और वाहन शेयरों में बिकवाली से बाजार लुढ़क रहा है।
इन शेयरों के निवेशकों को हुआ नुकसान
सेंसेक्स के शेयरों में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, ट्रेंट, इन्फोसिस, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक, एचसीएल टेक, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फाइनेंस सबसे अधिक नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा स्टील, इटर्नल, भारती एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं।
विदेशी निवेशक निकाल रहे पैसा
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 4,171.75 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने पिछले कारोबार में 4,512.87 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि वायदा एवं विकल्प खंड में सौदों की मासिक समाप्ति के दिन घरेलू बाजार में भारी उतार-चढ़ाव रहा। इसकी वजह रुपये में गिरावट और एफआईआई की निरंतर निकासी है। कुछ बेहतर संकेतों के बावजूद, निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। निवेशकों को आगामी एफओएमसी (फेडरल ओपन मार्केट कमेटी) बैठक में संभावित ब्याज दरों में कटौती और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की प्रगति पर स्पष्टता का इंतजार है।
वैश्विक बाजारों का कैसा रहा हाल
एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक दायरे में बंद हुए। यूरोप के बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। सोमवार को अमेरिकी बाजार काफी तेजी के साथ बंद हुए थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.69 प्रतिशत टूटकर 62.93 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
